दरभा थाना क्षेत्र के कापानार के पास एक तेज रफ्तार बोलेरो पलट गई। बोलरो के पलटने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
ग्रामीण आयतु मंडावी ने बताया कि 8 मई के लगभग 8.30 बजे घर के मंगल मंडावी, मुडे मंडावी, बुधराम मंडावी, मासे, बुधरी, मंगली, सुकडी और पिता गुडडी व अन्य लोगों के साथ बोलेरो बैठकर मरनी काम के लिए ग्राम चंद्रगिरि से कापानार जा रहे थे। बोलेरो की रफ्तार तेज होने के कारण वह अनियंत्रित हो गई और खाई में पलट गई। इस दौरान बोलेरो में सवार सभी लोग घायल हो गए।
घायलों को इलाज के लिए सीएचसी दरभा में भर्ती कराया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान गुड्डी मंडावी की मौत हो गई। वहीं, अन्य लोगों का इलाज चल रहा है। घटना को लेकर मृतक गुड्डी मंडावी के बेटे आयतु ने चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मुकदमा दर्ज कराया है।
ट्रक की टक्कर से कंप्यूटर ऑपरेटर की मौत
परपा थाना क्षेत्र के 5वीं बटालियन में अपने पिता के साथ रहने वाला युवक गुरुवार की सुबह जब घर से अपने ऑफिस जाने के लिए निकला था, तभी अचानक जगदलपुर से केशलूर की ओर आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार युवक को अपने चपेट में ले लिया। हादसे में घायल युवक को उपचार ले लिए मेकाज ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी लगते ही घर में मातम छा गया। वहीं, परिजनों के रिपोर्ट पर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है।
परपा पुलिस ने बताया कि 5वीं बटालियन क्वार्टर नंबर R4 में रहने वाला खेमसिंह पटेल (37) पुत्र लोकनाथ पटेल कुम्हारपारा वन विभाग कार्यालय में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर पदस्थ था। रोजाना की तरह गुरुवार की सुबह स्कूटी लेकर कुम्हारपारा स्थित वन विभाग कार्यालय जा रहा था, तभी मारुति सुजुकी शोरूम के सामने जगदलपुर की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने टक्कर मार दी।
इस घटना में युवक को गंभीर चोट आई, जिसे आसपास के लोगों ने बेहतर उपचार के लिए मेकाज में भर्ती कराया। लेकिन गंभीर चोट लगने के कारण युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वहीं, शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप देने की बात कही।