बालोद जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा जिला अध्यक्ष पवन साहू ने गुरुवार को बालोद जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पूरे चिकित्सालय की व्यवस्था एवं प्रबंधन को देखा। अस्पताल की व्यवस्था एवं प्रबंधन को लेकर डॉक्टर जेएल उइके और सीएमएचओ आरके श्रीमाली, स्पेशलिस्ट डॉक्टर अखिलेश शर्मा ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टाफ की कमी के कारण मरीजों के इलाज में कुछ असुविधा उत्पन्न हो रही है, जिसकी पूर्ति प्राइवेट अस्पताल या डॉक्टर से 24 घंटे सेवाएं लेकर की जा रही है।
जिला अध्यक्ष पवन साहू ने मरीजों से व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। अस्पताल की स्वच्छता की सराहना की। मरीजों से बातचीत कर उनका हाल-चाल पूछा तथा उनके उचित इलाज के लिए चिकित्सकों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि अन्य जिलों की अपेक्षा बालोद जिले की चिकित्सा व्यवस्था, स्वच्छ वातावरण और पूरे स्टाफ का व्यवहार मधुर एवं सराहनीय है।
उन्होंने नर्स व स्टाफ तथा डॉक्टर से कहा कि आप अपने कार्य को नौकरी न समझकर सेवा के रूप में कार्य करें। उचित इलाज प्रबंधन अथवा व्यवस्था में जो कमियां आ रही हैं, उन्हें केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडवीया एवं प्रदेश स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जयसवाल से मिलकर यहां व्याप्त सारी कमियों को हर संभव दूर करने का प्रयास करेंगे। पूरे स्टाफ को करोना काल में जान जोखिम में डालकर जनता की सेवा करते देखे हैं।