बासागुड़ा क्षेत्र में भी बारिश-आंधी से नुकसान
बासागुड़ा व लिंगागिरी गांव में दोपहर में हुई तेज बारिश-आंधी से क़़ई मकानों के छप्पर उड़ गए है। सूत्रों के मुताबिक, बासागुड़ा में ही करीब 12-15 मकानों के छत व सोलर लाइट को नुकसान हुआ है। बासागुड़ा के करीब ही लिंगागिरी गांव के अस्पताल में लगा टीन शेड भी उड़ गया है। बारिश की वजह से अस्पताल में रखे सामान व मरीजों के बेड भी भीग गए हैं। साथ ही बिजली व्यवस्था भी चरमरा गई है। बता दें कि जिले में लगभग दो सप्ताह से कहीं न कहीं बारिश व तेज हवाओं का दौर जारी है। इससे जिले में सब्जियों का कारोबार करने वाले किसानों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं इन दिनों तेंदूपत्ता तोड़ाई का काम भी चल रहा है। बारिश होने से संग्राहकों को तेंदूपत्ता फड़ तक ले जाने में परेशानियां हो रही है। उसूर तहसीलदार मोहन साहू ने बताया कि बासागुड़ा व आसपास के गांव में बारिश से घरों के छप्परों के उड़े जाने की जानकारी मिली है।