अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन मकान में घुसा ट्रक।
- फोटो : संवाद
छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन मकान में जा घुसा। हादसे में ट्रक के नीचे दब जाने से दो वर्षीय बालिका की मौत हो गई। निर्माणाधीन मकान में सो रहे तीन अन्य लोगों के साथ ट्रक चालक को भी चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसा रामानुजनगर थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम जगतपुर में घूमाडांड निवासी राजेश शोरी अपने कच्चे मकान का निर्माण करा रहा है। वह गुरुवार रात अपनी दो साल की बेटी हिमांशी, बेटे राहुल और गांव के ही चंदन मरावी के साथ निर्माणाधीन मकान में तिरपाल के नीचे सो रहे था। इसी दौरान रात करीब नौ बजे तेज रफ्तार में एक ट्रक सड़क से नीचे उतरकर निर्माणाधीन मकान में जा घुसी। हादसे में हिमांशी शोरी की दबने से मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं राजेश शोरी का पैर टूट गया। घटना में राहुल शोरी, चंदन मरावी के अलावा ट्रक चालक नागेश्वर राव को भी गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें उपचार के लिए रामानुजनगर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। बताया गया है कि मौके पर मोड़ होने के कारण ट्रक तेज रफ्तार में अनियंत्रित हो गई। हादसे से निर्माणाधीन मकान का एक हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है।