अपने जन्मदिन के मौके पर रविवार को देश की राजधानी के साइंस कॉलेज में अजीत जोगी ने लोगों को संबोधित किया। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष इस दौरान काफी भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें मौत के मुंह के वापस खींच लिया है। इसी वजह से उन्होंने अपने जीवन का हर पल अब पत्नी डॉ. रेणु जोगी या फिर बेटे अमित जोगी के लिए नहीं बल्कि प्रदेश की जनता को समर्पित कर दिया है।
अपने 50 मिनट के भाषण में जोगी ने कई बार भाजपा और कांग्रेस पर तीखे वार किए। भाषण की शुरुआत उन्होंने जीवन के बड़े हादसों से की। उन्होंने कहा कि चार अप्रैल 2004 को उनका जीवन खत्म हो गया था। फेफड़े, दिल और दिमाग ने काम करना बंद कर दिया था। बेहोशी में छह फीट लंबा और सफेद दाढ़ी वाला एक शख्स आया। उसने कहा- जोगी मेरे साथ चल तेरा समय पूरा हो गया है। वहीं दूसरी तरफ हाथ जोड़कर छत्तीसगढ़ की जनता खड़ी थी जो लगातार निवेदन कर रही थी कि जोगी की हमें जरूरत है। जिसकी वजह से दाढ़ी वाले को वापस लौटना पड़ा था।
भाषण में जोगी ने बताया कि उनका जन्म एक गरीब परिवार में हुआ था। मगर वह आज गरीब नहीं हैं। उन्होंने कहा- मैंने राजनीति की तो विधायक से लेकर सांसद और प्रदेश का पहला मुख्यमंत्री तक बना। एक बेटा है जोकि विधायक बन गया है। उन्होंने चुटीले अंदाज में कहा कि शादी एक ही की है पत्नी को भी विधायक बना दिया। अब कोई कमी नहीं है। सरकारी मकान और गाड़ी है।