ओडिशा के बलांगीर में शादी कार्यक्रेम के दौरान पार्सल खोलते ही हुए धमाके में इंजीनियर सौम्य शेखर साहू सहित तीन लोगों की मौत हो गई थी। इस साजिश का कुछ दिनों पहले ही पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया था। पुलिस ने बताया कि इस साजिश को पाटनगढ़ के प्रोफेसर पूंजीलाल मेहर ने अंजाम दिया था। पूछताछ में मेहर ने बताया कि उसने पार्सल को फाफाडीह स्थित स्काई किंग कुरियर सर्विस में बुक कराने के लिए एक ऑटो रिक्शा चालक को भेजा था।
इस खुलासे के बाद से ओडिशा और रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम उस रिक्शा चालक की तलाश में जुट गई हैं। इसके बाद रेलवे स्टेशन और उसके आस-पास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार ज्योति विकास कॉलेज में अंग्रेजी के प्रोफेसर मेहर ने साजिश इसलिए रची थी क्योंकि वह कॉलेज का प्राचार्य था। मगर पांच महीने पहले ही उसे हटाकर साथी प्रोफेसर संयुक्ता साहू को प्राचार्य बना दिया गया था। इससे पूंजीलाल नाराज था और संयुक्ता की हत्या करने के इरादे से उसने इंटरनेट से सीखकर बम तैयार किया था।
रायपुर आकर पूंजीलाल ने एक ऑटो चालक को एके शर्मा नाम के शख्स का आधार कार्ड देकर कुरियर सर्विस से पार्सल बुक करवा दिया था, ताकि उसपर किसी को शक ना हो। कंपनी में लगा सीसीटीवी कैमरा खराब था इसी वजह से रिक्शा चालक का फुटेज नहीं आ पाया। ऑटो चालक कुरियर करने के बाद लौटा और पूंजीलाल उसी रिक्शा में बैठकर वापस ओडिशा की ट्रेन पकड़कर चला गया। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही ऑटो चालक को खोज निकाला जाएगा।