गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने मनरेगा के लोकपाल को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि लोकपाल 25 हजार रुपये की रिश्वत ले रहा था।
गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की एक बड़ी कार्रवाई की है। एसीबी की टीम ने मनरेगा के लोकपाल को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पीड़ित गौरेला जनपद पंचायत के कार्यक्रम अधिकारी की शिकायत पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है।
विज्ञापन
लोकपाल मनरेगा वेद प्रकाश पांडेय को गिरफ्तार कर छह सदस्य एसीबी की टीम गौरेला जनपद के सभागार ले गई। गौरेला जनपद पंचायत के कार्यक्रम अधिकारी रोशन सराफ ने शिकायत दर्ज कराई थी। उनके एक भ्रष्टाचार के मामले में मनरेगा लोकपाल वेद प्रकाश पांडेय के द्वारा उनसे रिश्वत मांगी जा रही है, जिसकी शिकायत के बाद एसीबी की टीम ने जिला पंचायत के लोकपाल मनरेगा के कार्यालय में दबिश दी और रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
रोशन सराफ का कहना है कि पेण्ड्रा के कुड़कई गांव स्थित अमृत सरोवर में अनिमितता की बात को लेकर लोकपाल वेद प्रकाश पांडेय उन्हें बेवजह परेशान कर रहे थे, जिसके बाद उनके द्वारा लगातार पैसे की मांग की जा रही थी। काफी परेशान होने के बाद रोशन सराफ एसीबी से संपर्क कर आज लोकपाल मनरेगा को रंगे हाथों रिश्वत लेते मुख्य मार्ग से गिरफ्तार कर पैदल ही गौरेला जनपद पंचायत स्थित सभागार भवन लाया गया। उन्होंने कहा पर लगभग पांच घंटों की कार्रवाई के बाद आरोपी लोकपाल वेदप्रकाश पांडेय को गिरफ्तार कर जिला पंचायत स्थित उनके कार्यालय लाया गया और फिर अग्रिम न्यायालय की कार्रवाई के लिए बिलासपुर ले जाया गया है।