नाश्ता कर पैसे नहीं देने पर तीन महिलाओं ने नाबालिग लड़की को जमकर पीटा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित अंतर्राज्यीय बस टर्मिनल भाठागांव में एक नाबालिग लड़की को 3 महिलाओं ने जमकर पीटा। नाबालिग लड़की के पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामला टिकरापारा थाने क्षेत्र का है, जहां नाश्ता सेंटर में पैसा नहीं देने पर विवाद हुआ।
बस स्टैंड स्थित कान्हा नाश्ता सेंटर में 16 साल की नाबालिग ने नाश्ता किया। इस दौरान दुकानदार के पैसे मांगने पर उसने पैसे देने से साफ मना कर दिया। इससे दुकानदार और नाबालिग लड़की के साथ विवाद हुआ। लड़की दुकानदार को अभद्र टिप्पणी करने लगी, तभी नाश्ता सेंटर के 3 महिलाओं ने लड़की की जमकर पिटाई कर दी।
112 को सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस के साथ मौके पर पहुंची। बिना महिला कांस्टेबल के इस झगड़ा को जल्दी सुलझा नहीं पाए। हालांकि कुछ देर बाद ही झगड़ा शांत हो गया। टीकरापारा थाना प्रभारी अमित बेरिया ने बताया कि यह घटना 4 दिन पहले की है। लड़की बस स्टैंड के पास ही रहती है। उन्होंने बताया कि भाठागांव निवासी आरोपी नाबालिग लड़की को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया। इसके बाद उसे 5 हजार रुपए के मुचलके पर जमानत दे दी गई। उन्होंने आगे बताया कि महिलाओं के खिलाफ काउंटर केस दर्ज नहीं किया गया है।