छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में 12 हिरण शनिवार को मृत पाए गए हैं। इनकी मौत का कारण जहरीला पानी हो सकता है। इस बात की जानकारी एक वन अधिकारी ने दी है। माना जा रहा है कि ये जहर तस्करों ने पानी में डाला होगा।
घटना मोहलाई गांव के कोरेगांव फॉरेस्ट रेंज की है। जो राजधानी रायपुर से 100 किमी की दूरी पर स्थित है। धमतरी के डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर (डीएफओ) अमिताभ वाजपेयी का कहना है कि ऐसा हो सकता है कि जानवरों की मौत जहरीले पानी से हुई हो।
उन्होंने बताया कि स्थानीय निवासियों ने अधिकारियों को सूचना दी थी कि 12 हिरणों के शव एक पानी से भरे गड्ढे के पास पड़े मिले, जो हाल ही में हुई बारिश से भरा था। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि कुछ लोगों ने पानी में जहर डाला हो। हालांकि मौत कैसे हुई ये बात शवों के परीक्षण के बाद ही पता चल पाएगी।
पुलिस और वन अधिकारियों का कहना है कि मुरम खदान के गड्ढे के नियंत्रण का काम मोहाली गांव के कॉन्ट्रैक्टर द्वारा किया जाता है। अधिकारी का कहना है कि इलाके की घोराबंदी कर ली गई है, ताकि ये पता चल सके कि कहीं और भी किसी जानवर को पानी के कारण नुकसान तो नहीं हुआ है।