चंडीगढ़ में इसी सप्ताह हत्या की दूसरी वारदात हुई है। मलोया में मंगलवार रात 19 वर्षीय युवक मोहित की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक के चाचा पिंटू ने आरोप लगाया कि हमलावरों ने पहले उनके घर आकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी थी। इसके बाद मोबाइल पर धमकी भरी रिकॉर्डिंग भेजी गई और साजिश के तहत मोहित को पार्क में मिलने के लिए बुलाया गया।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार रात करीब आठ बजे मोहित को चार मंजिला मकानों के बीच स्थित पार्क में बुलाया गया। जैसे ही वह वहां पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे कई आरोपियों ने उस पर चाकु से हमला कर दिया। एक चाकू उसकी पीठ में घुस गया, जो सीधे दिल तक पहुंचा। लहूलुहान हालत में परिजन उसे तुरंत पीजीआई ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया।
चाचा पिंटू ने बताया कि धमकी भरी रिकॉर्डिंग में आरोपी दुकान से बाहर निकलने और गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी देते सुनाई दे रहे हैं। मोहित मलोया में एक ज्वेलरी की दुकान पर काम करता था। उसके परिवार में माता-पिता के अलावा एक भाई और एक बहन हैं। परिजनों का कहना है कि आरोपियों से मोहित की पुरानी रंजिश चल रही थी और उसी का बदला लेने के लिए हत्या की गई। जिस पार्क में वारदात हुई, वहां आरोपी अक्सर बैठते थे, जिससे इलाके के लोगों में पहले से डर बना हुआ था।
इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों के बयान दर्ज कर हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस का कहना है कि आरोपी मलोया गांव के ही बताए जा रहे हैं। उनकी पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जा रही हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
ट्रिब्यून चौक पर चाकू की नोक पर लूट
उधर, मंगलवार को ही ट्रिब्यून चौक पर चाकू की नोक पर लूट की एक और वारदात सामने आई। रायपुर खुर्द निवासी विकास मंडल ने पुलिस को बताया कि दो अज्ञात युवकों ने उसके गले से बजरंगबली की प्रतिमा वाला सोने का लॉकेट काट लिया और फरार हो गए। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।