चंडीगढ़। सेक्टर-45/डी कर्ज का काम करने वाले एक युवक ने घर में फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना को युवक ने उस वक्त अंजाम दिया, जब परिवार शहर के बाहर गया था। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी अमन कुमार (28) के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में पुलिस अभी तक आत्महत्या करने के कारणों का पता नहीं कर सकी है। बुड़ैल चौकी पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर-45/डी स्थित मकान नंबर 3263/2 में एक युवक ने फंदा लगाया है। सूचना पर पुलिस पहुंची और पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा गया। इस दौरान युवक कमरे में पंखे के हुक में फंदे से लटका हुआ था। इसके बाद फंदे से उतारकर उसे जीएमसीएच-32 पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि अमन तीन भाई-बहनों में छोटा था। वह सेक्टर-17 स्थित एक बैंक में कर्ज देने का काम करता था। शुक्रवार को उसके परिजन शहर के बाहर गए थे। इस दौरान वह घर पर अकेला था, तभी उसने खुदकुशी कर ली। पुलिस ने शव को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में परिजनों का बयान दर्ज किया जा रहा है, जिसके बाद ही आत्महत्या करने के कारणों का पता चल सकेगा।