मनीमाजरा। अपने दोस्त के साथ हिसार से चंडीगढ़ घूमने आए युवक की रविवार को मनीमाजरा के समाधि गेट स्थित एक होटल में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मनीमाजरा सिविल अस्पताल से जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक के परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान हिसार के 23 वर्षीय गुरमुख सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार रविवार सुबह सूचना मिली कि मनीमाजरा सिविल अस्पताल में युवक की मौत हो गई है। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में पता चला कि मृतक शनिवार को अपने दोस्त के साथ चंडीगढ़ घूमने आया था और रात को मनीमाजरा के एक होटल में कमरा किराए पर लिया था। शनिवार रात को दोनों ने होटल के कमरे में शराब पी। सुबह उठने के बाद गुरमुख की तबीयत खराब होने लगी। तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसका दोस्त उसे लेकर मनीमाजरा सिविल अस्पताल पहुंचा, जहां पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।