संवाद न्यूज एजेंसी
जगरांव। सिधवां बेट क्षेत्र के गांव शेरेवाल के युवक की नशे की ओवरडोज से हुई मौत के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि नामजद महिला तस्कर फरार है। महिला घर को ताला लगाकर मोबाइल फोन बंद कर चुकी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने इस मामले में हरप्रीत सिंह उर्फ मनी, निवासी गांव शेरेवाल, सिधवा बेट को गिरफ्तार किया है। आरोपी को सोमवार दोपहर बाद अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और नशा सप्लाई नेटवर्क की जानकारी हासिल की जा सके।
चौकी गिद्दड़विड्डी के इंचार्ज राजविंदरपाल सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले गांव मलसियां बाजन के नजदीक नहर किनारे झाड़ियों से जसवीर सिंह, निवासी गांव शेरेवाल का शव बरामद हुआ था। शुरुआती जांच में युवक की मौत नशे की ओवरडोज से होना सामने आया। मृतक के चचेरे भाई परमजीत सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि जसवीर सिंह को नशीली वस्तु खिलाकर या पिलाकर उसकी मौत कराई गई है। शिकायत के आधार पर थाना सिधवा बेट में एक महिला तस्कर सहित दो आरोपियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया।
महिला आरोपी घर पर ताला लगाकर गायब
पुलिस के अनुसार फरार महिला आरोपी कुलविंदर कौर ने गिरफ्तारी से बचने के लिए अपना फोन बंद कर लिया है और घर पर ताला लगाकर भाग गई है। पुलिस उसके रिश्तेदारों और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। गौरतलब है कि इसी महिला के पति जसवीर सिंह उर्फ रोली को 9 जनवरी को 11 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस का मानना है कि पति के जेल जाने के बाद महिला ने नशे के अवैध कारोबार को संभाला और उसी से जुड़ी गतिविधियों के चलते यह घटना सामने आई। पुलिस ने जांच तेज कर दी है।