चंडीगढ़ की सुखना लेक के पास जंगल में खून से लथपथ मिले युवक की हत्या नहीं हुई थी बल्कि उसने खुद कटर से अपनी गर्दन काटी थी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद यह खुलासा किया है। मृतक के पिता का एक सप्ताह पहले ही देहांत हुआ था और सोमवार को उनकी क्रिया थी।
इकलौता बेटा अभय सूद अपने पिता की मौत के बाद सदमे में था और क्रिया में जाने के बजाय कटर से अपनी गर्दन काटकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मंगलवार को अभय के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसे परिजनों को सौंप दिया। हिमाचल प्रदेश के कुल्ल जिला के भूंतर गांव निवासी अभय सूद पिछले कुछ समय से किशनगढ़ में किराए के मकान में रह रहा था।
सोमवार सुबह करीब सवा 6 बजे सुखना झील पर सैर करने वाले राहगीरों ने जंगल में खून से लथपथ शव देखा, जिसके बाद पुलिस बुलाई गई। युवक के शव के पास में इलेक्टि्रक कटर व लाल रंग का बैग रखा हुआ था। युवक की गर्दन कटी हुई थी। इसके बाद पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। सूचना पाकर सोमवार देर शाम को हिमाचल से मृतक के परिजन चंडीगढ़ पहुंचे और शव की शिनाख्त की।
परिजनों ने बताया कि अभय सूद अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी दो बहनें हैं। उसके पिता का करीब एक सप्ताह पहले देहांत हो गया था और अभय की हरियाणा के एक डेरे से जुड़ा था। इस कारण वह अपने पिता के फूल चुगने की रस्म में भी घर नहीं गया। मंगलवार को उसके पिता की क्रिया थी और इधर उसने कटर से खुद की गर्दन काट ली। परिजनों के मुताबिक, अभय कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था। अभय की मौत के बाद अब फिर से परिवार में मातम है।
उधर, पुलिस ने युवक के किशनगढ़ में किराए पर लिए गए कमरे में भी जाकर जांच पड़ताल की लेकिन कोई सुसाइड नोट नहीं मिला जबकि उसके किराए वाले घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें अभय खुद ही लाल रंग का बैग लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। अभय इसी बैग में कटर लेकर गया था।