योगेंद्र यादव ने पंजाब चुनाव के लिए घोषित की पार्टी
- फोटो : अमर उजाला
आम आदमी पार्टी से अलग हुए योगेंद्र यादव के स्वराज अभियान (स्वराज लहर) ने आखिर पंजाब में सियासी पार्टी का एलान कर ही दिया। लंबे समय से इसके कयास लगाए जा रहे थे। रविवार को भकना भवन में कन्वेंशन के बाद स्वराज पार्टी की घोषणा की गई। स्वराज अभियान के सूबा कन्वीनर प्रो. मनजीत सिंह को इसका प्रधान बनाया गया है। प्रो. मनजीत ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि पूरे पंजाब से लोग कन्वेंशन में शामिल हुए हैं।
इसमें स्वराज पार्टी बनाने केसाथ-साथ कई प्रस्ताव पास किए गए हैं। 41 मेंबरी सूबा कार्यकारिणी गठित की गई है। जोकि ब्लॉक व गांव स्तर पर पार्टी का आधार बढ़ाएगी। करीब साढ़े आठ हजार सदस्य बन चुके हैं, सदस्यता और बढ़ाई जाएगी। अभी 11 जिला कमेटियां गठित की जा चुकी हैं। बाकी 11 जिला कमेटियां भी दो हफ्ते के अंदर गठित कर दी जाएंगी। प्रो. मनजीत ने कहा कि पंजाब में कुछ ही महीनों बाद विधानसभा चुनाव होने हैं। जो लोग स्वराज अभियान से जुड़े थे, वे चाहते थे कि सियासी पार्टी गठित की जाए। लेकिन तकनीकी कारणों से पार्टी घोषित करने में देरी हो रही थी। जिससे लोग टूट कर जा रहे थे।
स्वराज अभियान के संविधान में है कि कोई भी सूबा इकाई चाहे तो सियासी पार्टी बना सकती है। इसलिए पार्टी गठित की गई है। पार्टी को चुनाव लड़ने से कोई गुरेज नहीं है। चुनाव केसमय जहां भी आधार लगा और अच्छे कैंडिडेट मिले, वहां चुनाव लड़ा जाएगा। पर पार्टी सिर्फ चुनावी राजनीति तक सीमित नहीं रहेगी। चुनाव से पहले गठबंधन पर उन्होंने कहा कि समान विचारधारा वाले लोगों से मिला जा सकता है। प्रो. मनजीत ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी स्वराज के सिद्धांतों से दूर जा चुकी है। वहां सारे फैसले दिल्ली से लिए जाते हैं।