चंडीगढ़। मशहूर पंजाबी गायक एपी ढिल्लों का लाइव म्यूजिक कन्सर्ट सेक्टर-34 में नहीं अब सेक्टर-25 के रैली ग्राउंड में होगा। यह निर्णय लोगों को आने वाली संभावित परेशानियों को देखते हुए लिया गया है। अमर उजाला ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसके बाद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया है।
सेक्टर 34 में पिछले दो शनिवार से दो लाइव कन्सर्ट हो चुके हैं। पहले करण औजला का शो था तो दूसरा दिलजीत दोसांझ का। इन दोनों कन्सर्ट में लोगों को काफी परेशानी हुई थी। अब तीसरा शो 21 दिसंबर को रैपर और सिंगर एपी ढिल्लों का होना था। उसमें भी भारी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही थी। सेक्टर-34 में लाइव कन्सर्ट होने से आसपास के लोगों को काफी परेशानी होती है। ट्रैफिक जाम लगने के साथ सेक्टर 34 में दुकानदारों व स्टूडेंट्स को भी काफी तकलीफ झेलनी पड़ती है। पास में कई अस्पताल भी हैं, जहां मरीजों को भी दिक्कत होती है। इस वजह से डिप्टी कमिश्नर ने शो के आयोजकों को सेक्टर-34 के बजाय सेक्टर 25 में शिफ्ट करने का विकल्प दिया था। इस पर मंगलवार को आयोजकों ने हामी भर दी। इसके बाद आयोजकों की तरफ से ग्राउंड परमिशन के लिए दोबारा आवेदन किया गया है। डीसी निशांत कुमार यादव ने बताया कि लोगों की समस्याओं को देखते हुए ही शो को सेक्टर-25 में शिफ्ट करने का फैसला लिया गया है।
सेक्टर-25 में शो की तैयारियां शुरू, बीच में बनेगा स्टेज
आयोजकों ने सेक्टर-25 में नई तैयारियां शुरू कर दी हैं। मंगलवार दोपहर को ही यहां पर कई ट्रक पहुंच चुके थे और स्टेज लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि स्टेज ग्राउंड के बीच में लगेगा और आसपास जनता होगी। यहां के खुले स्थान और बेहतर पार्किंग व्यवस्था के कारण यह स्थान अधिक उपयुक्त माना जा रहा है। एपी ढिल्लों की फैन फॉलोइंग काफी बड़ी है। वह जहां-जहां शो कर रहे हैं, वहां लोगों की भारी भीड़ जुट रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि सेक्टर-25 में भी भारी भीड़ जुटेगी।
दिलजीत के शो में 82 डेसिबल था शो, आज हाईकोर्ट में रिपोर्ट सौंपेगा प्रशासन
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के निर्देशानुसार डीसी ने तीन कमेटियों का गठन किया था, जिन्होंने दिलजीत का शो शुरू होने से पहले साउंड लेवल को रिकॉर्ड किया। शो के दौरान स्टेज पर कितना नॉइस लेवल था और आयोजन स्थल के बॉर्डर पर कितना साउंड लेवल था, विभिन्न टीमों ने इसकी रीडिंग ली है। मंगलवार को कमेटियों ने डीसी को रिपोर्ट सौंप गदिया। आयोजन के दौरान नॉइस लेवल 82 डेसिबल तक पहुंच गया था, जो निर्धारित सीमा से अधिक था। अब प्रशासन की तरफ ये यह रिपोर्ट 18 दिसंबर को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में होने वाले सुनवाई के दौरान भी प्रस्तुत की जाएगी। हाईकोर्ट यह तय करेगा कि आने वाले आयोजनों के लिए क्या दिशा-निर्देश बनाए जाएं।
सेक्टर-25 में ही हो सकता है अरिजीत सिंह का शो
16 फरवरी को चंडीगढ़ में अरिजीत सिंह का शो होना है। कुछ महीने पहले अरिजीत सिंह का सेक्टर-34 में लाइव कन्सर्ट हुआ था, जिसमें भारी संख्या में भीड़ जुटी थी। अब इस शो ने भी प्रशासन की चिंताएं बढ़ा दी हैं। हालांकि, माना जा रहा है कि ये शो भी सेक्टर-25 में ही होगा क्योंकि प्रशासन ने सेक्टर-34 में किसी बड़े कार्यक्रम को कराने से मना किया है। अगर एपी ढिल्लों का शो सेक्टर-25 में अच्छे से होता है तो बाकी शो भी यहीं होंगे।