दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल की गुरुवार को वीडियो ब्रीफिंग के दौरान पीछे लगी एक तस्वीर पर विवाद हो गया है। दरअसल इसमें भगत सिंह और डॉ. भीम राव आंबेडकर की तस्वीर के बीच में मुख्यमंत्री केजरीवाल की तस्वीर लगी दिख रही थी। इसको लेकर भाजपा ने आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधा था।
वहीं भगत सिंह के पोते यादविंदर संधू ने भी इस पर बयान दिया। संधू ने कहा कि दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल का एक वीडियो आया जिसमें दीवार पर भगत सिंह और बाबा साहेब अंबेडकर के साथ अरविंद केजरीवाल की तस्वीर लगाई गई थी। ये देखने के बाद मुझे बहुत बुरा लगा। उनकी तुलना दिग्गजों से करने की कोशिश की गई, मैं आम आदमी पार्टी से कहूंगा कि ऐसी गतिविधियों से दूर रहें।