अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कुश्ती में हाथ आजमाने वाले पहलवानों को अब नए नियमों के साथ कुश्ती खेलना होगी। वर्ष 2016 में रीयो, ब्राजील में होने वाले ओलंपिक में भी नए नियमों के साथ ही कुश्ती प्रतियोगिताएं होंगी।
नए नियमों की शुरुआत 5 से 10 मई तक दोहा कतर में हुई सीनियर एशिया कुश्ती प्रतियोगिता में कर दी गई। इस प्रतियोगिता से पहले दोहा कतर में संयुक्त विश्व कुश्ती संघ की बैठक में नए नियमों पर सहमति बनाई गई थी।
इस बैठक में ए ग्रेड के अंतरराष्ट्रीय कुश्ती रेफरी एमडीयू के प्रो. आरपी गर्गभी शामिल हुए थे। नए नियमों के साथ उम्मीद जताई जा रही कि भारतीय पहलवानों को इसका फायदा मिलेगा।
प्रो. आरपी गर्ग ने बताया कि दोहा में हुई बैठक में दुनिया भर के कुश्ती संघों के प्रतिनिधि और वहां मौजूद रेफरी शामिल हुए थे। इस बैठक में मुकाबलों के दौरान प्वॉइंट्स सिस्टम में कुछ बदलाव किए जाने पर मंथन हुआ। सहमति के साथ नए नियमों पर मुहर लग गई और प्रतियोगिता भी नए नियमों के साथ कराई गई।