पंजाब में पेट्रोल-डीजल, बिजली और जमीन की रजिस्ट्री महंगी होने जा रही है। उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल की अध्यक्षता में बुधवार को हुई पंजाब कैबिनेट की बैठक में वृद्धि से संबंधित निर्णय लिया गया।
पेट्रोल-डीजल की बिक्री पर प्रति लीटर एक रुपये अधिक फीस ली जाएगी। वहीं बिजली दरों पर पांच फीसदी अतिरिक्त फीस वसूली जाएगी यानी अब उपभोक्ताओं को 100 रुपये की बिजली खपत करने पर पांच रुपये अतिरिक्त अदा करने होंगे। वहीं, अचल संपत्ति की रजिस्ट्री में भी एक फीसदी का इजाफा किया गया है। यह सारी राशि इंफ्रास्ट्रक्चरल डेवलपमेंट फीस के रूप में वसूल की जाएगी और अर्बन एवं रूरल फंड में जमा होगी।
सुखबीर बादल, डिप्टी सीएम ने बताया कि विकास को ध्यान में रख यह निर्णय लिया गया है। इससे सरकार को 1400 करोड़ रुपये की वार्षिक आय होगी। इसका लोगों पर ज्यादा बोझ नहीं पड़ेगा।
पदक विजेताओं को नौकरी: अंतर्राष्ट्रीय स्पर्धाओं में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को नौकरी देने के लिए पुलिस विभाग में 125 पद सृजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल अस्वस्थ होने के कारण बैठक में नहीं पहुंच पाए। इस वजह से बैठक की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सुखबीर बादल ने की।