अगले सात दिन तक अगर आपका वाहन चुनाव से जुड़ा है या चुनाव प्रचार में इस्तेमाल हो रहा है तो 50,000 रुपये से ज्यादा नकदी लेकर न चलें।
यदि कोई व्यापारिक कामकाज के लिए अपने वाहन का इस्तेमाल कर रहे हैं तो वह 10,00,000 रुपये तक ले जा सकते हैं। मगर साथ में प्रमाण भी रखना होगा।
चुनाव से जुड़े वाहन में 50,000 रुपये से ज्यादा की नकदी मिली तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। पांच मार्च से अब तक 69.86 लाख रुपये की नकदी, शराब की 67,000 बोतलें, 100 साइकिल, 800 ग्राम सोना और 10 वाहन जब्त हो चुके हैं। प्रदेश में 453 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं।
हरियाणा में 10 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिएपुलिस ने चेकिंग अभियान बहुत पहले ही शुरू कर दिया था, मगर मतदान तारीख नजदीक आते ही अब वाहनों की सघन जांच शुरू हो गई है।
अवैध शराब पकड़ने के लिए भी पुलिस ने सघन अभियान चलाया है। चुनाव से संबंधित कानून व्यवस्था बनाए रखने और उम्मीदवारों के चुनाव खर्च की मॉनीटरिंग के लिए हरियाणा पुलिस मुख्यालय पर इलेक्शन कंट्रोल रूम बनाया गया है। खर्च मॉनीटरिंग के लिए स्टेट नोडल अफसर आईजी नवदीप सिंह विर्क को बनाया गया है जबकि कानून व्यवस्था समेत अन्य कार्यों के लिए स्टेट नोडल अफसर आईजी मोहम्मद अकील को बनाया गया है।
हरियाणा के पुलिस महानिदेशक एसएन वशिष्ठ ने बताया कि वाहनों की चेकिंग करने के लिए हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन स्थायी नाके स्थापित किए गए हैं। कुछ विधानसभा क्षेत्रों में अधिक भी है।
प्रदेश में करीब 300 नाके हैं। इनका तकनीकी नाम स्टेशनरी सर्विलांस टीम है। इसके अलावा हर विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन फ्लाइंग स्क्वायड बनाए गए हैं। इनकी संख्या भी करीब 300 है। यानी सूबे में करीब 600 टीमें काम कर रही हैं। नाकों से गुजरने वाले वाहनों की चेकिंग नाके पर तैनात मुलाजिम करेंगे जबकि फ्लाइंग स्क्वायड टीमें भी अपने क्षेत्र में कहीं भी चेकिंग कर सकती हैं।
आईजी नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि चुनाव से संबंधित वाहन में 50,000 रुपये से ज्यादा नकदी नहीं होनी चाहिए। अगर इससे ज्यादा की नकदी हुई तो जब्त होगी। शराब ले जाने का नियम पहले ही आबकारी अधिनियम में है। अगर निर्धारित मात्रा से ज्यादा शराब ले जाई जा रही होगी तो उसे भी जब्त कर लिया जाएगा।
वाहन में वोटरों को बांटने के लिए ले जा रहे गिफ्ट आइटम भी जब्त होंगे। इनमें साइकिल, मोटरसाइकिल जैसी वस्तुएं शामिल हैं। सूबे की 600 टीमों में हर टीम में एक मजिस्ट्रेट शामिल है। उन्होंने बताया कि वीवीआईपी, वीआईपी समेत किसी भी उम्मीदवार या उसके एजेंट से संबंधित वाहनों की जांच ये टीमें कभी भी कहीं भी कर सकती हैं। आईजी ने बताया कि इन टीमों के सब सदस्यों को बाकायदा ट्रेनिंग दी गई है।
अब तक 100 साइकिल जब्त हो चुकी हैं
आईजी नवदीप सिंह विर्क ने बताया कि अब तक फ्लाइंग स्क्वायड ने 100 साइकिलें और 9,86,000 रुपये की नकदी जब्त की है। शराब की 2822 बोतलें और सात वाहन जब्त किए हैं।
पुलिस थानों ने अलग-अलग मामलों में 427 एफआईआर दर्ज की हैं। इन थानों में तैनात मुलाजिमों ने शराब की 59,000 बोतलें जब्त हो चुकी हैं। स्मैक, डोडे, अफीम जैसा नशा जब्त हो चुका है। इसके अलावा 29 लाख रुपये की नकदी और 800 ग्राम सोना जब्त हो चुका है। पुलिस नाकों पर 31 लाख रुपये की नकदी जब्त हो चुकी है।
शराब की 5183 बोतलें और दो वाहन जब्त हो चुके हैं। इसके अलावा अलग-अलग मामलों में 26 एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन्होंने बताया कि झंडे, बैनर, होर्डिंग्स उतरवाने के कैथल में 146 और फरीदाबाद में 34 मामलों में इन्हीं टीमों ने कार्रवाई की है। अगर सूचना मिलेगी कि किसी जगह पर शराब, पैसा या गिफ्ट आइटम बांटे जा रहे हैं तो ये फ्लाइंग स्क्वायड फौरन पहुंचकर जब्त करेंगे।