यूथ वीरांगनाएं संस्था की महिलाओं ने गांव धनौनी में शराब ठेके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। संस्था की तीन दर्जन के करीब महिलाओं ने रविवार को तीन घंटे तक ठेके के बाहर धरना दिया। पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि अगर सोमवार को ठेका बंद नहीं होता है, तो मंगलवार से वहां ठेका बंद होने तक धरना दिया जाएगा।
संस्था की पदाधिकारी कमलप्रीत कौर, हरप्रीत कौर, मोनिका, रीतू, हरीता, अजमेरो रजनी सहित दर्जनों महिलाओं ने बताया कि गांव धनौनी में रिहायशी क्षेत्र के बीच शराब ठेका खोला है।
इस कारण गांव के बच्चों एवं महिलाओं पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। ठेके के पास तीन निजी एवं एक सरकारी स्कूल है। जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे शिक्षा ग्रहण करते हैं। जिससे उनकी शिक्षा पर बुरा असर पड़ रहा है।
यह ठेका गांव की मुख्य सड़क पर खोला हुआ है। जहां सारा दिन नशेड़ी एवं गैर-सामाजिक लोग बैठे रहते हैं। इस कारण महिलाओं एवं लड़कियों का निकलना मुश्किल हो गया है।
शराब ठेके को बंद कराने के लिए संस्था की ओर से प्रशासन को लिखित में मांग की गई थी। लेकिन इस ओर ध्यान न देने के बाद आज धरने पर बैठकर इसका विरोध किया गया।
महिलाओं ने मौके पर ठेकेदार को यहां से ठेका बंद करने के लिए कहा। ठेकेदार ने सोमवार तक का समय लिया है। अगर ठेका बंद न किया तो मंगलवार को संस्था की सदस्य महिलाएं ठेका बंद होने तक धरने पर बैठेंगी। उन्होंने कहा कि संस्था की ओर से हलके में अभियान चलाकर ठेके बंद कराए जाएंगे।
आबकारी विभाग को पता नहीं
आबकारी इंस्पेक्टर जेएस बेदी ने कहा कि उनको इसकी जानकारी नहीं है कि शराब के ठेके के पास स्कूल है। उन्होंने कहा कि संस्था एवं किसी भी गांव वासियों ने विभाग को इसकी शिकायत नहीं दी। उन्होंने कहा कि धरने से पहले उनको शिकायत दें, जिस पर बनती कार्रवाई करेंगे।