सड़क पर महिलाएं उतरीं, तो अंगारे बरस रहे थे, गुस्सा पड़ोसी देश पाकिस्तान के लिए था। लेकिन दिल में पूरी भड़ास पीएम मोदी के लिए दिखी। 56 इंच का सीना दिखाने वाले मोदी को महिलाओं ने चूड़ियां भेज दीं। सरहद पर देश के जवानों के साथ हुई बर्बरता के बाद लुधियाना में महिलाओं ने प्रदर्शन किया। पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सैनिकों की क्रूरता के साथ की जा रही हत्याओं से गुस्साई महिला कांग्रेस ने सोमवार को स्थानीय बस्ती जोधेवाल चौक में पाकिस्तान सरकार का पुतला फूंका।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोरियर के माध्यम से चूड़ियां भेजीं। उन्होंने कहा कि अगर प्रधानमंत्री भारतीय सैनिकों के हत्यारों को सबक नहीं सिखा सकते तो चूड़ियां पहन कर घर बैठ जाएं। महिला कांग्रेस अध्यक्ष लीना टपारिया ने प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से चुनावी सभाओं में 56 इंच का सीना होने पर कटाक्ष किया। टपारिया ने कहा कि चुनावी सभाओं में पाकिस्तान को ईंट का जवाब पत्थर से देने के वादे किए गए, लेकिन अब प्रधानमंत्री खामोश हैं।
टपारिया ने कहा कि भाजपा नेतृत्व कश्मीर में सत्ता का लालच छोड़ भारतीय सैनिकों पर पत्थरबाजी करने वालों पर सर्जिकल स्ट्राइक कर देश भक्ति होने का सबूत दें। इस अवसर पर नीलम, अलका मल्होत्रा, रमेश कौर, नीलम दत्ता, इंदुबाला, गुरप्रीत सिद्धू, दलजीत कौर, मनीषा कपूर, ज्योति मेहता और सुषमा पुरी समेत कई महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं।