सड़क पर टूटी शराब और बीयर की हजारों बोतलें
मामला हरियाणा के फतेहाबाद का है, जहां गांव ढाणी सांचला के मेन बस अड्डे पर शराब के ठेके के खिलाफ कई दिनों से चला आ रहा महिलाओं का गुस्सा आखिरकार शनिवार सुबह फूट ही गया।
गुस्साई महिलाओं ने ना केवल शराब के ठेके में तोडफ़ोड़ की बल्कि ठेके के अंदर रखी सैंकड़ों की संख्या में शराब और बीयर की बोतलों को सड़क पर लाकर तोड़ दिया। ढाणी सांचला की ग्रामीण महिलाएं पिछले काफी दिनों से से गांव में शराब का ठेका खोलने का विरोध कर रही थी। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों को ये ठेका हटवाने की मांग की थी लेकिन कोई सुनवाई ना होने से गुस्साई ग्रामीण महिलाओं ने खुद ही इस ठेके के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
मिली जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह ग्रामीण महिलाओं ने शराब ठेकेदार को यहां से ठेका हटवाने को कहा लेकिन उसने ये जवाब दिया कि उसने नियमों के अनुसार ही शराब का ठेके के लिए सबसे ऊंची बोली दी थी। ऐसे में अगर वो शराब का ठेका छोड़ता है तो उसे काफी नुक्सान होगा। लेकिन ग्रामीण महिलाओं ने उसकी एक नहीं सुनी। बार-बार कहने के बावजूद जब उसने शराब का ठेका बंद करने की बात नहीं मानी तो गुस्साई महिलाओं ने उसी समय ठेके में तोडफ़ोड़ शुरु कर दी और अंदर रखी सारी बोतलें और पेटियां बाहर सड़क पर लाकर रख दी और लाठियों से सारी बोतलें तोड़ दी।