सेक्टर-8 में ज्वेलरी की दुकान से गहने खरीदकर जा रही बटाला की महिला का सेक्टर-7 की मार्केट में बाइक सवार पर्स छीनकर फरार हो गए।
छीने गए पर्स में हीरे की अंगूठी, सोने की चेन, दो हीरे के टॉप्स, मोबाइल फोन और 20 हजार रुपये थे। बटाला निवासी अमरजीत कौर की शिकायत पर सेक्टर-26 थाना पुलिस ने स्नैचरों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बटाला निवासी अमरजीत कौर ने पुलिस शिकायत में बताया कि वह अपने बेटे के पास चंडीगढ़ आई हुई है। मंगलवार को सेक्टर-8 की ज्वेलरी की दुकान से गहने लेकर रिक्शा से सेक्टर-7 में सामान लेने जा रही थी।
सेक्टर-7 की मार्केट के पास मोटरसाइकिल सवार दो युवक पीछे से आए और महिला के हाथ से पर्स छीनकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी।
सेक्टर-26 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नाकाबंदी की, लेकिन स्नैचर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। पुलिस स्नैचरों की तलाश कर रही है।