चंडीगढ़। सेक्टर-56 में चिट्टा तस्करी के खिलाफ पुलिस की छापे के दौरान उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक महिला गिरफ्तारी से बचने के लिए मकान की छत से पाइप के सहारे नीचे उतरने लगी और संतुलन बिगड़ने से दूसरी मंजिल से नीचे गिर गई। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस के अनुसार सेक्टर-56 के चार मंजिला मकानों में नशा तस्करी की सूचना मिलने पर सेक्टर-39 थाना पुलिस ने सर्च वारंट लेकर बुधवार दोपहर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस ने मकान की तलाशी ली। इसी दौरान 61 वर्षीय आरोपी महिला ने भागने की कोशिश की और पाइप के सहारे नीचे उतरने लगी लेकिन संतुलन बिगड़ने से वह गिरकर घायल हो गई। उसे तुरंत सिविल अस्पताल फेज-6 ले जाया गया, जहां से जीएमएसएच-16 रेफर कर दिया गया। छापे के दौरान पुलिस ने एक अन्य बुजुर्ग महिला गीता के कब्जे से 11.05 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच जारी है।