सदन में गूंजेगा जहरीली शराब से मौत का मामला, कांग्रेस 6 को करेगी मंथन
विधानसभा में यमुनानगर में जहरीली शराब से मौत का मामला गूंजेगा तो उचाना के राजकीय कन्या विद्यालय में छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न मामले में विपक्ष सरकार को घेरेगा। इसके साथ ही किसानों को बाढ़ के दौरान फसल का मुआवजा सहित अन्य ज्वलंत मुद्दों पर विपक्ष सरकार को घेरने की रणनीति में जुटा हुआ है। कांग्रेस आगामी 6 दिसंबर को विधायक दल की बैठक में सदन में उठाए जाने वाले मुद्दों पर विचार-विर्मश करेगी। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के आवास पर होने वाली कांग्रेस विधायक दल की बैठक में विधायकों द्वारा ध्यानाकर्षण एवं काम रोको प्रस्ताव को लेकर दिए जाने वाले मुद्दों पर भी चर्चा होगी।
15 से 19 दिसंबर के बीच चलेगा शीतकालीन सत्र
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर शुक्रवार को शुरू होगा और 19 दिसंबर तक चलेगा। हालांकि दो दिन 16 दिसंबर शनिवार और 17 दिसंबर रविवार को अवकाश रहेगा। सदन की कार्यवाही सोमवार को सुबह 11 बजे शुरू होगी और मंगलवार तक जारी रहेगी। हालांकि सत्रावधि का अंतिम फैसला बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में लिया जाएगा।