इस बार सर्दी के मौसम ने सभी के होश उड़ा दिए हैं। कड़ाके की ठंड वाले दिनों में भी दिन के समय तीखी धूप से पसीना निकल जा रहा है। हर दिन रिकार्ड तापमान दर्ज किया जा रहा है। मंगलवार को दिन का तापमान 23.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है।
यदि इसी दिन 2015 के तापमान की बात की जाए तो अधिकतम तापमान 16 डिग्री था। यानी सात डिग्री कम। रात के तापमान में भी काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को रात का तापमान 9.8 डिग्री सेल्सियस नोट किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री ज्यादा है। पिछले साल चार जनवरी की रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया था।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने कहा कि अगले आने वाले दो दिन को छोड़ दिया जाए तो अगले तीन हफ्ते तक अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा रहने की पूरी संभावना है। दिन का तापमान 20 से 23 डिग्री के बीच रह सकता है। हालांकि अगले दो दिन बादल छाने की उम्मीद है।
इससे थोड़ा पारा नीचे आएगा, लेकिन उसके बाद फिर से गर्मी बढ़ने के आसार हैं। उनके मुताबिक अभी ये बता पाना मुश्किल है कि इतना तापमान पिछले साल कब हुआ था। इसके लिए अगले एक हफ्ते का तापमान पर नजर रखनी होगी। विभाग इस पर काम भी कर रहा है। यदि मौसम विभाग के दावे सही रहे तो इसका मतलब है कि आधी से ज्यादा जनवरी बिना सर्दी के ही निकलेगी। हालांकि मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के भीतर कुछ जगहों पर हल्की बारिश की संभावना जताई है।
वेस्टर्न डिस्टरबेंस का कमजोर होना बड़ी वजह
सर्दी न पड़ने की मुख्य वजह कमजोर वेस्टर्न डिस्टरबेंस को माना जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया है कि अंटलांटिक में प्रेशर ग्रेडिएंट यानी हवाएं कमजोर होने के कारण वेस्टर्न डिस्टरबेंस नहीं बन पा रहा है। बारिश न होने से बर्फबारी नहीं हो रही है। कोहरा भी नहीं पड़ रहा है। इस कारण तापमान ज्यादा दर्ज किया जा रहा है। पिछले दिनों वेस्टर्न डिस्टरबेंस आए, लेकिन बहुत ही कमजोर रहे, जिसकी वजह से बारिश नहीं हो पाई।
साल 2015 की रातें तोड़ चुकी हैं 44 साल का रिकार्ड
विशेषज्ञों का कहना है कि 2016 पिछले साल 2015 से भी ज्यादा गर्म रहने वाला है। 2015 का औसत न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री दर्ज किया गया है, जो मौसम विभाग के अब तक के रिकार्ड में भी दर्ज नहीं है। पिछले छह सालों की बात करें तो दिन के तापमान में छह डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा चुकी है।
कोट
आंकड़े तो यही बता रहे हैं कि अगले दो से तीन हफ्ते अधिकतम तापमान नार्मल से ज्यादा रहने वाला है। इससे मौसम गर्म रहने के पूरे आसार हैं। अभी यह बता पाना मुश्किल है कि इससे पहले के सालों में कभी इतना तापमान रहा है तो अगले एक हफ्ते का तापमान देखने के बाद सही तस्वीर सामने आ पाएगी।
सुरेंद्र पाल, डायरेक्टर, चंडीगढ़ मौसम केंद्र