छह किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चली उत्तर पश्चिमी हवाओं ने रात को ठिठुरन को बढ़ा दी। रात के तापमान चार डिग्री के ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही शुक्रवार को इस सीजन में पहली बार रात का तापमान चार डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। दिन के तापमान में भी दो डिग्री की गिरावट आई है। ठंड के अलावा सुबह छाई धुंध ने भी लोगों को परेशान किया।
इस दौरान दृश्यता 50 मीटर की रही। आने वाले तीन दिनों में ठंडी हवाओं के चलने से रात के तापमान में और गिरावट के आसार हैं। इस दौरान सुबह के समय घना कोहरा छाने की संभावना है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में सुबह की शुरुआत धुंध से हुई। धुंध के चलते लोगों खासकर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
रोहतक का अधिकतम तापमान बीते छह दिनों से सबसे कम 20.3 डिग्री रहा। हिसार में रात का तापमान सामान्य से 5 डिग्री कम तो रोहतक और नारनौल में दिन का तापमान 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। सुबह करीब दस बजे सूर्य ने दर्शन दिए, उसके बाद धुंध छंटनी शुरू हुई। हिसार में अधिकतम तापमान 21.0 व न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इससे पहले वीरवार को अधिकतम तापमान 23.0 व न्यूनतम तापमान 7.3 और बुधवार को अधिकतम तापमान 23.6 व न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस था। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के अनुसार 9 दिसंबर तक मौसम खुश्क रहेगा, हालांकि बीच-बीच में हल्के बादल छा सकते हैं।
धुंध के कारण ट्रेनें हुईं प्रभावित
धुंध का असर रेलगाड़ियों की आवाजाही पर भी पड़ा। किसान एक्सप्रेस 35 मिनट, गोरखधाम एक्सप्रेस एक घंटा, फाजिल्का रेवाड़ी वाया हिसार पैसेंजर 45 मिनट की देरी से पहुंची, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।