जिला पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों से अवैध शराब से भरे तीन ट्रकों को पकड़ कर लगभग 80 लाख रुपए की अवैध शराब का जखीरा बरामद किया है। ये सभी ट्रक अलग-अलग जगह पकड़े गए हैं तथा सभी ट्रक गुजरात ले जाए जा रहे थे। तीन ट्रकों के साथ तीन आरोपी भी गिरफ्तार किए गए हैं।
पूछताछ में अभी तक सामने आया है कि ये शराब यमुनानगर के एक एल वन से ट्रकों में भरी गई थी। सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उनको चार दिन के रिमांड पर लिया गया है।
एसआईटी टीम को मंगलवार को सूचना मिली कि बहादुरगढ़ की तरफ से एक ट्रक अवैध शराब का आएगा। जो शहर से होते हुए गुजरात जाना है। इस पर एसआईटी ने बहादुरगढ़ रोड स्थित बाईपास पर नाका लगा दिया। कुछ ही देर में एक ट्रक बहादुरगढ़ की तरफ से आया।
ट्रक का नंबर एचआर 55 पी 3644 था। पुलिस टीम ने ट्रक को रूकवाकर जांच की तो उसके अंदर भारी मात्रा में शराब भरी हुई थी। टीम इंचार्ज हैड कांस्टेबल मुकेश कुमार ने बताया कि ट्रक के ड्राइवर मानसिंह निवासी फल्लोरा जिला जम्मु तथा परिचालक कृष्णलाल जिला जम्मु को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सीआईए ने बेरी से पकड़ा अवैध शराब का ट्रक: वहीं दूसरी ओर सीआईए टीम ने बेरी से एक शराब से भरा ट्रक पकड़ा है। अपराध शाखा झज्जर की एक टीम मुख्य सिपाही नरेश कुमार के नेतृत्व में बेरी के दुबलधन चौक पर गश्त पर थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि अंबाला व यमुनानगर से अवैध शराब ट्रकों में भरकर गुजरात भेजी जा रही है। इस पर टीम ने बेरी के दूबलधन चौक पर नाकेबंदी कर दी तथा देर रात एक ट्रक नंबर एचपी 23 ए 0759 वहां से गुजरा तो पुलिस टीम ने उसे रूकवा लिया।
ट्रक की जांच की गई तो ऊपर 80 कट्टे धान के छिलके के मिले। नीचे शराब व बीयर की सीलबंद पेटियां मिली। चैक करने पर रोयल स्टैग पव्वा की 87 पेटी, एवरी गोल्ड पव्वा 20 पेटी, रिवोल्युशन जिन पव्वा 97 पेटी, एसीपी बोतल 47 पेटी आरसी बोतल 9 पेटी, रिवोल्युशन जिन बोतल 135 पेटी, एवरी डे गोल्ड बोतल 24 पेटी, आईस वोदका 24 पेटी, हैवर्ड 5 हजार बीयर 338 पेटी तथा 12 पेटी फोस्टर बीयर सीलबंद बरामद की गई। पुलिस ने ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। ट्रक चालक की पहचान नरबैर सिंह निवासी रोगला जिला संगरूर पंजाब के रूप मे हुई।
साल्हावास पुलिस ने भी पकड़ा ट्रक: थाना साल्हावास पुलिस ने भी मंगलवार रात को अवैध शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा है। थाना साल्हावास पुलिस की एक टीम सहायक उप निरिक्षक जोरासिंह के नेतृत्व में गश्त पर थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि सासरौली की तरफ से कच्चे रास्ते पर एक निजी स्कूल के पीछे संदेहजनक परिस्थितियों में एक ट्रक खड़ा है और इसके अंदर से शराब की बदबु आ रही है।
पुलिस वहां पर पहुंची तो एक ट्रक जिस पर पीबी 11 बीबी 1985 की नंबर प्लेट लगी हुई थी और ट्रक के मालिक का कोई अता पता नहीं चला। ट्रक के कैबिन की तलाशी ली गई तो एक आरसी मिली जिस पर पीबी 11 बीआर 1985 अंकित है। ट्रक से अलग-अलग मार्का की 620 पेटी बोतल, 229 पेटी पव्वा तथा 245 पेटी बीयर कैन की बरामद हुई। अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
पंचकुला के हैं तस्कर: ट्रकों से पकड़े गए आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ है कि यह शराब पंचकुला निवासी शराब तस्कर जोगेन्द्र पाल शर्मा व रामसिंह द्वारा तस्करी कर गुजरात भेजी जा रही थी। उन्होंने यह शराब यमुनानगर के एक एल वन से भरवाई थी। इन आरोपियों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सुमित कुमार, एसपी, झज्जर ने बताया कि शराब से भरे तीन ट्रक पकड़े गए हैं। तीनों ट्रकों से करीब 2700 पेटी बरामद की गई हैं। बरामद की गई शराब की कीमत लगभग 75 से 80 लाख रुपए है।