अगर आपसे कोई पुलिसकर्मी पैसे मांगता है या फिर काम की ऐवज दूसरे लाभ लेने की नीयत रखता है तो ऐसे पुलिसकर्मी की गतिविधियां और मांग को पुलिस के व्हाट्सएप पर भी डाल सकते हैं। पुलिस अधिकारी इस तरह की शिकायतों का भी प्रमुखता के साथ समाधान करेंगे।
पानीपत पुलिस ने व्हाट्सएप ग्रुप को अपडेट किया है और अब व्हाट्सएप पर पुलिसकर्मियों की भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत करने का फैसला लिया है। पुलिस अधीक्षक पानीपत राहुल शर्मा ने आमजन की सुविधाओं को देखते हुए यह कदम उठाया है।
विदित है कि पानीपत पुलिस की ओर से गत दिनों व्हाट्सएप पर शिकायत लेने का प्रावधान शुरू किया था। इसका नंबर 07056549701 है। पुलिस ने व्हाट्सएप शिकायतों के लिए सफल इस्तेमाल होने पर पुलिसकर्मियों की भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत भी लेने का फैसला लिया है।
पहले कई खा चुके हैं जेल की हवा
जिले में पुलिसकर्मियों में भ्रष्टाचार के पहले भी कई मामले पकड़े जा चुके हैं। गत वर्ष तत्कालीन एसपी ने कई पुलिसकर्मियों को सलाखों के पीछे भेजा था।
एक सब-इंस्पेक्टर को चोरी के मामले में कार्रवाई करने पर लाखों की रिश्वत मांगने और शहर यातायात प्रभारी समेत कई पुलिसकर्मियों पर चालानों में गड़बड़ी करने पर मुकदमा दर्ज किया था। एक महिला सब-इंस्पेक्टर के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया था।
राहुल शर्मा, एसपी पानीपत ने बताया कि पुलिस जनता की सेवा के लिए है। सेवा कार्यों में भ्रष्टाचार फैलाना दंडनीय अपराध है। पुलिसकर्मी किसी तरह का भ्रष्टाचार फैलाता है है तो उसकी जानकारी पुलिस के व्हाट्सएप पर दे सकते हैं। ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।