केजरीवाल का रोड शो हिट होने के बाद आम आदमी पार्टी की नजर अब वोटिंग से ठीक पहले कालोनियों में बंटने वाली शराब है।
पार्टी को आशंका है कि कालोनियों के वोटों को अपने पक्ष में करने के लिए विरोधी पार्टियां शराब बांटने का हथकंडा अपना सकती है। यदि ऐसा होता तो पार्टी को नुकसान सहना पड़ सकता है।
इस हथकंडे से निपटने के लिए आप की नजर अब कालोनियों व अन्य इलाकों में है। यहां पर उनकी एक टीम नजर रखेगी।
यदि शराब बटती है तो उसके वालंटियर अपने मोबाइल या कैमरे से स्टिंग कर चुनाव आयोग को तुरंत सुबूत के साथ सूचना देंगे।
कैम्पेन मैनेजर डा. मुनीश रायजादा ने बताया कि इसके लिए टीम तैयार कर दी जाएगी। चुनाव से ठीक पहले यह टीम एक्टिव हो जाएगी। वे बताते हैं कि उनके वालंटियर चुनाव प्रचार में बहुत ज्यादा मेहनत कर रहे हैं।
डोर टू डोर कैम्पेनिंग में वे कोई भी कसर नहीं छोड़ना चाहते, लेकिन हम वोटरों को प्रलोभन नहीं दे पाते। ये हमारा काम भी नहीं है।
हम सिर्फ सच्चाई की राजनीति करते हैं। चंडीगढ़ के लोगों ने बताया है कि चुनाव से पहले कुछ विरोधी शराब का प्रलोभन देकर वोटरों को लुभाते हैं।
खुद अरविंद केजरीवाल ने भी अपने रोड शो में कहा था कि चुनाव से पहले लोग शराब देंगे। दिल्ली चुनाव में भी ऐसी आशंका थी, लेकिन हमने ऐसा नहीं करने दिया। यहां भी हम पूरी तरह से सतर्क रहेंगे।