शाहाबाद। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी ने कहा कि शाहाबाद एवं नगर में विकास कार्यों पर दिखाई खर्च राशि की जांच होगी और अगर कोई संदेह के घेरे में पाया गया तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उनके अनुसार कोई भी जांच बदले की भावना से नहीं की जाएगी, लेकिन घपलों की जांच जरूरी है। बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान बेदी ने विकास कार्यों पर करोड़ों रुपये की राशि खर्च करने के दावों को झूठ करार दिया था।
बेदी ने कहा कि उनकी पहली प्राथमिकता क्षेत्र को नशा मुक्त करने की होगी और यह कार्य सरकार अकेले नहीं कर सकती, बल्कि सामाजिक एवं धार्मिक संस्थाओं को साथ लेकर सरकार बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकेगी।
उन्होंने आह्वान किया कि कोई सामाजिक संस्था नशा विरोधी मुहिम के प्रोजेक्ट को गोद ले। बेदी के अनुसार दूसरा मुख्य प्रोजेक्ट नगर में जल्द से जल्द ट्रामा सेंटर स्थापित करने का होगा, क्योंकि करनाल से अंबाला तक दुर्घटनाएं ज्यादा होती हैं और न जाने कितनों को जान से हाथ धोना पड़ता है।
हालांकि हेल्पर्स जैसी संस्था दुर्घटना पीड़ितों को सहायता पहुंचाकर घायलों की जान बचाने का सराहनीय प्रयास कर रही है, लेकिन नजदीक में ट्रामा सेंटर न होने के कारण पीजीआई तक पहुंचने में कई घायल दम तोड़ देते हैं।
इसके अलावा राजकीय कॉलेज, लघु सचिवालय एवं ट्रांसपोर्ट नगर भी शीघ्र बनाया जाएगा। बेदी के अनुसार उनका सपना है कि नगर में मोटर मार्केट बनाई जाए ताकि वाहन मालिकों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर मिल सके और नगर में जगह-जगह सड़कों पर बैठकर कार्य कर रहे मोटर मैकेनिकों से जो जाम की स्थिति बन जाती है, उससे भी छुटकारा मिलेगा। उन्होंने बताया कि पिछले 10 वर्षों से रुके विकास कार्यों को गति देते हुए शाहाबाद में रिकॉर्ड विकास कराया जाएगा।