नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की तर्ज पर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर भी जल्द ही यात्रियों को वाईफाई की सुविधा मिलने वाली है। दिल्ली बड़ौदा हाउस मुख्यालय ने इस प्रोजेक्ट को अमलीजामा पहनाने के लिए रेल टेल कंपनी को जिम्मेदारी सौंप दी है। कंपनी अधिकारियों की मानें तो वे इस प्रोजेक्ट पर सितंबर से काम शुरू करेंगे।
अधिकारियों का कहना है कि इस काम को पूरा करने में उन्हें 15 से 20 दिन का समय लगेगा। चंडीगढ़ स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को वाईफाई की सुविधा देने के लिए पूर्व रेलमंत्री पवन कुमार बंसल ने रेल बजट में घोषणा की थी।
दो साल पहले हो चुका है ट्रायल
स्थानीय रेल अधिकारियों ने बताया कि स्टेशन पर वाईफाई सिस्टम का ट्रायल करीब दो साल पहले ही हो चुका है। ट्रायल की रिपोर्ट भी दिल्ली बड़ौदा हाउस मुख्यालय को भेजी जा चुकी है। अब उच्च अधिकारियों ने यह फाइल रेल टेल कंपनी को भेज दी है। उन्होंने कंपनी को जल्द प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने का निर्देश दिया है।
ऐसे मिलेगी यह सुविधा
रेल-टेल कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन को इस सुविधा से लैस करने के बाद एक कॉमन पासवर्ड जारी किया जाएगा। स्टेशन पर आने वाले यात्री अपने मोबाइल नंबर से इसे डायल कर सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। स्थानीय रेल अधिकारियों ने बताया कि यात्री लंबे समय से इस सुविधा की मांग कर रहे थे। रेल बजट में घोषणा के बाद यात्री इस सुविधा के लिए मंडल ही नहीं, बल्कि मुख्यालय को भी पत्र लिख रहे थे।
37 लाख का है पूरा प्रोजेक्ट
अंबाला मंडल के अधिकारियों का कहना है कि इस प्रोजेक्ट पर रेलवे करीब 37 लाख रुपये खर्च करेगा। प्रोजेक्ट की फाइल तैयार कर करीब तीन साल पहले ही मुख्यालय को भेज दी गई थी, लेकिन स्टेशन पर यात्रियों की कम संख्या के चलते रेलवे को होने वाली कमाई का ग्राफ पूरा नहीं हो रहा था।
यही कारण है कि प्रोजेक्ट की फाइल आगे नहीं बढ़ रही थी। मगर पिछले साल के मुकाबले इस साल स्टेशन से सफर करने वाले यात्रियों की संख्या दोगुना रही है। इससे रेलवे की आय में भी बढ़ोत्तरी हुई है। चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को बहुत जल्द वाईफाई की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
क्योंकि इस प्रोजेक्ट से संबंधित फाइल अधिकारियों ने पास कर रेल टेल कंपनी को भेज दी है। अधिकारियों ने कंपनी को जल्द काम शुरू करने का आदेश दिया है। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 37 लाख का खर्च आएगा।
- नीरज शर्मा, सीपीआरओ, नार्दर्न रेलवे