पढ़ने के दौरान युवक-युवती के बीच प्रेम परवान चढ़ा। दोनों ने साथ जीने-मरने की कसमें खाईं। लेकिन इसी दौरान प्रेमी को बतौर न्यायिक अधिकारी नियुक्ति मिल गई। अच्छी नौकरी हाथ आते ही प्रेमी कसमें-वादे भूल बैठा। प्रेमिका भी शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने का संगीन आरोप लगा थाने जा पहुंची। हालांकि दोनों पक्षों ने समझौते और बाद में शादी की डोर से दोनों को बांध दिया। लेकिन अविश्वास की दरार से दोनों के दिल न मिल सके। अब पीड़िता की शिकायत पर शिवाजी थाने में आरोपी फिरोजपुर के एक जज के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, अप्राकृतिक यौन संबंध सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
अंबेडकर कॉलोनी निवासी एक महिला ने पुलिस को शिकायत दी है कि आरोपी न्यायिक अधिकारी ने उसके साथ चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। इसके बाद उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा।
उसने आरोप लगाया कि विरोध के बावजूद आरोपी ने उसके साथ अप्राकृतिक यौन संबंध भी बनाए। महिला के अनुसार जब वह गर्भवती थी तो आरोपी ने उस पर गर्भपात कराने का भी दबाव बनाया। इसके चलते वह बच्चे को जन्म नहीं दे सकी। महिला सेल में जांच अधिकारी ने पूरे मामले की पड़ताल के बाद शिकायत की कॉपी शिवाजी कॉलोनी थाने में ट्रांसफर कर दी।