कैप्टन अमरिंदर सिंह, नवजोत सिंह सिद्दू।
- फोटो : फाइल
हाईकमान की तीन सदस्यीय कमेटी के मिलने के बाद से शांत चल रहे विधायक नवजोत सिंह सिद्धू ने कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ फिर मोर्चा खोल दिया है। सिद्धू ने इस बार कैप्टन से उनके कामकाज का रिपोर्ट कार्ड मांगने के साथ ही उन्हें खुली चुनौती भी दे दी। सिद्धू ने कहा कि वह (कैप्टन) कौन होते हैं पार्टी में मेरे लिए दरवाजा बंद करने वाले? इस बार सिद्धू के तेवर इतने तल्ख दिखाई दे रहे हैं कि उन्होंने कैप्टन के अलावा पार्टी हाईकमान पर भी तंज कसने में गुरेज नहीं किया।
दिल्ली के अंग्रेजी अखबारों को दिए इंटरव्यू में सिद्धू ने कहा कि जब चुनाव आते हैं तो पार्टी को उनकी याद आ जाती है। उन्होंने कहा, ‘मैं कोई शोपीस नहीं हूं।’माना जा रहा है कि नवजोत सिद्धू की अचानक बढ़ी तल्खी का मुख्य कारण यह है कि पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मुलाकात के लिए कैप्टन अमरिंदर सिंह को तो दिल्ली बुला लिया लेकिन सिद्धू को नहीं बुलाया गया। हालांकि अब तक यही चर्चा थी कि सोनिया गांधी कैप्टन और सिद्धू को साथ बैठाकर विवाद को सुलझाएंगी।
सोमवार को सिद्धू ने कैप्टन पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि कैप्टन हर रोज झूठ बोलते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब में सिस्टम ही काम नहीं करने देता, इसलिए अब बदलाव जरूरी है। सिद्धू ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया कि वह उपमुख्यमंत्री बनना चाहते हैं और गृह विभाग संभालना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यह कोरी बकवास है। उन्हें असल मुद्दों पर बात करनी चाहिए। सिद्धू ने आरोप लगाया कि कैप्टन और बादल परिवार बारी-बारी से पंजाब पर राज कर रहे हैं और दोनों का यह खेल लंबे समय से चल रहा है। यही कारण है कि प्रदेश में नशा, माफिया राज, अवैध खनन जैसे कामों पर कोई रोक नहीं लग रही। सिद्धू ने कहा कि उनका लक्ष्य पंजाब में इस सिस्टम को बदलना है। उनकी लड़ाई इसी सिस्टम के खिलाफ है।