चंडीगढ़। नगर निगम सदन की बैठक में मंगलवार को गाली देने के आरोपों के बीच जमकर हंगामा हुआ था। आम आदमी पार्टी के पार्षद जसबीर सिंह लाडी का आरोप है कि सांसद किरण खेर ने उन्हें गाली दी। वहीं, सांसद खेर का कहना है कि पहले आप के पार्षद ने गाली दी। अब पहले किसने गाली दी, इसका खुलासा सदन बैठक की वीडियो रिकॉर्डिंग से हो सकता है। आम आदमी पार्टी ने निगम के सचिव को पत्र लिखकर वीडियो मांगा है। उधर, बुधवार को सदन की बैठक का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसमें सांसद खेर पर गाली देने का आरोप लग रहा है।नगर निगम सदन की पूरी बैठक की वीडियोग्राफी कराई जाती है। मंगलवार को जो कुछ हुआ, वह कैमरे के सामने हुआ इसलिए आप पार्षदों का कहना है कि अगर वीडियो फुटेज सामने आया तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। नेता प्रतिपक्ष व आप के पार्षद दमनप्रीत सिंह ने बैठक की वीडियो फुटेज के लिए निगम के सचिव को पत्र लिखा है। वहीं, पार्षद लाडी ने बताया कि जिस समय सांसद खेर उनके पास आईं और गाली दी, उनका माइक ऑन था इसलिए सदन की बैठक की वीडियो रिकार्डिंग में सब कुछ रिकॉर्ड हुआ होगा। वहीं, बुधवार को आम आदमी पार्टी के पार्षदों ने पंजाब के एडवोकेट जनरल के साथ इस संबंध में बैठक कर पूरे मामले में कानूनी कार्रवाई को लेकर मंथन किया।
आज प्रशासक, एसजीपीसी को भी करेंगे शिकायत
पार्षद जसबीर लाडी ने बताया कि वह वीरवार को पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारीलाल पुरोहित, उनके सलाहकार धर्मपाल, नगर निगम की आयुक्त आनिंदिता मित्रा व एसएसपी को एक ज्ञापन देंगे। ज्ञापन में सांसद किरण खेर पर कार्रवाई की मांग की जाएगी। साथ ही कहा कि सांसद को सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए, अगर वह ऐसा नहीं करतीं हैं तो उन्हें इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सांसद ने उनकी दाढ़ी को लेकर टिप्पणी की है, जो बहुत आपत्तिजनक है इसलिए वह शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) को भी शिकायत देंगे।
गाली देते हुए एक और वीडियो वायरल
पार्षद लाडी ने बताया कि सांसद किरण खेर ने सदन में गाली दी है। उनके पास इसकी वीडियो मौजूद है, जिसमें वह गाली देते नजर आ रहीं हैं। कहा कि यह वीडियो तब की है, जब सांसद खेर बहस के बाद अपनी सीट पर गईं। इस दौरान भी वह गुस्से में थीं। इस दौरान वह गाली देते हुए दिखाई दे रही हैं। लाडी ने कहा कि यह सब वीडियो में रिकॉर्ड हुआ है। बता दें कि यह वीडियो बुधवार को कई ग्रुपों में भी शेयर हुआ, जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया देते नजर आए।
वर्जन
मैंने सांसद को गाली देते हुए सुना है। कांग्रेस के भी कई पार्षदों ने सुना है। हमारी मांग है कि नगर निगम बैठक की फुटेज को सार्वजनिक करे। वीडियो जनता के सामने लाया जाए, अपने आप पता चल जाएगा कि गाली पहले किसने दी। सांसद खुद क्यों उठ कर जसबीर लाडी के पास गईं। उनके जाने के बाद ही सब कुछ हुआ और चंद मिनटों में सभी एजेंडे पास हो गए। यह सब कुछ भाजपा की सोची समझी साजिश थी।
- दमनप्रीत सिंह, नेता प्रतिपक्ष