चंडीगढ़। दिव्यांग क्रिकेट लीग के पहले ही दिन दिव्यांग क्रिकेट खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दिखा दिया कि वह किसी से कम नहीं हैं। शहर में लीग का आगाज सोमवार से हुआ। एक साथ तीन स्थानों पर मुकाबले खेले गए। पंजाब यूनिवर्सिटी में व्हीलचेयर श्रेणी में टी 20 फॉरमेट में मुकाबला पंजाब और यूपी टीमों के बीच खेला गया। इस मैच में पंजाब ने यूपी को 8 विकेट से हरा दिया।
पहले खेलते हए यूपी की पूरी टीम 10 ओवर में 5 विकेट पर 49 रन ही बना पाई। सैलेश ने टीम के लिए सबसे अधिक 14 रन बनाए। गेंदबाजी में राजा, प्रवीण, सुनील, रविंदर ने एक-एक विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पंजाब की टीम ने 4 ओवर में 2 विकेट पर 52 रन बनाकर मैच को जीत लिया। विजेता टीम से रोहित ने 42 रन बनाए। इसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
श्रवणबाधित श्रेणी : ब्यास इलेवन की जीत
दिन का दूसरा मुकाबला सेक्टर-16 के क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। श्रवणबाधित श्रेणी में खेले गए इस मुकाबले में ब्यास इलेवन ने 59 रन से जीत हासिल की। मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए ब्यास इलेवन ने 20 ओवर में 7 विकेट पर 145 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सतलुज इलेवन की पूरी टीम 14.4 ओवर में कुल 86 के स्कोर पर सिमट गई।
जेहलम इलेवन ने चेनाब को हराया
तीसरा मुकाबला सेक्टर-26 स्थित गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के क्रिकेट ग्राउंड पर खेला गया। इस मुकाबले में जेहलम इलेवन ने चेनाब इलेवन की टीम को 69 रनों से हरा दिया।