चंडीगढ़ प्रशासन ने बुधवार को एक अन्य महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए यह तय किया है कि अब शहर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती गर्भवती महिलाओं का कोरोना का टेस्ट किया जाएगा। बदनौर के साथ हुई बैठक में पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगतराम ने बताया कि मंगलवार को पीजीआई में कुल 445 सैंपल आए, जिसमें से सिर्फ 13 सैंपल पॉजिटिव निकले।
जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर डॉ. बीएस चवन ने बताया कि उनके यहां पिछले कुछ दिनों में कोरोना के 92 सैंपल लिए गए थे, जिसमें से सिर्फ दो ही पॉजिटिव निकले। उन्होंने बताया कि विदेश से आने वाले सभी एनआरआई की कोरोना जांच की जा रही है।
लॉकडाउन के कारण राजस्व में आई कमी: वित्त सचिव
प्रशासक के साथ हुई बैठक में वित्त सचिव एके सिन्हा ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से चंडीगढ़ प्रशासन के राजस्व में काफी कमी आई है। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन का असर खासतौर पर जीएसटी, एक्साइज और वैट के कलेक्शन पर पड़ा है। एके सिन्हा ने कहा कि इसको लेकर चंडीगढ़ प्रशासन की तरफ से कई अन्य कदम उठाए जा रहे हैं। गौरतलब है कि राजस्व में काफी कमी के बाद प्रशासन ने अपने खर्चे में कमी करने का भी फैसला लिया है। इसके तहत कई विभागों के खर्चो को वर्तमान वित्त वर्ष के लिए कम कर दिया गया है।