हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम वैज्ञानिकों ने पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से 11 जून देर रात्रि से 13 जून के बीच प्रदेश में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं धूल भरी हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान गिरने से भीषण गर्मी और लू से थोड़ी राहत मिल सकती है।
इन जिलों में आज भी लू की चेतावनी
- रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल और मेवात
जून में पिछले दस साल का अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड (डिग्री सेल्सियस में)
2018 - 02 जून- 46.0
2017- 05 जून- 46.6
2016- 05 जून- 45.0
2015- 09 जून-45.2
2014- 10 जून- 47.1
2013- 06 जून- 45.7
2012- 01 जून- 46.7
2011- 08 जून- 45.1
2010- 22 जून- 47.8
2009- 28/29जून-46.0
सीजन में दूसरी बार तापमान 44 पार पहुंचा
उधर, चंडीगढ़ में जून के तापमान ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। इससे पहले 31 मई को अधिकतम तापमान 44.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था। यह सीजन में दूसरी बार है, जब दिन का तापमान 44 डिग्री के पार गया हो।
मंगलवार रात से बुधवार तक मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। बारिश की भी पूरी संभावना जताई जा रही। हालांकि, 13 जून के बाद से तापमान फिर से बढ़ने लगेगा। उसके बाद 20 व 21 को दोबारा से बारिश होने के आसार बन रहे हैं। दिन के साथ रात का तापमान भी बढ़ने लगा है। रविवार रात का तापमान 26.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री ज्यादा था।
पिछले साल का रिकॉर्ड टूटा
सोमवार के तापमान ने पिछले साल के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। पिछले साल 2018 को 14 जून को अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि साल 2017 को अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ था।
जून महीने का आल टाइम रिकॉर्ड 45.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। मंगलवार को तापमान में थोड़ी गिरावट आ सकती है। अगले तीन दिन अधिकतम तापमान 43 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 26 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया जा सकता है।
कुछ दिन की राहत के बाद गर्मी ने एक फिर से जोर पकड़ना शुरू कर दिया है। सोमवार को लुधियाना में अधिकतम तापमान 45.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26.3 डिग्री रहा। बठिंडा में इस बार रिकॉर्ड तोड़ गर्मी पड़ रही है। सोमवार को बठिंडा का अधिकतम तापमान 46 डिग्री रहा। न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार आने वाले 24 घंटे में मौसम साफ रहेगा। ऐसे में पारा और ऊपर जा सकता है।