आखिरकार शनिवार को मौसम ने करवट ले ली। दिन में आंशिक बादल छाए रहे। रात में कई इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिन तापमान सामान्य से नीचे रहेगा। तापमान 35 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
रात के तापमान में भी दो से तीन डिग्री की गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिन तक मौसम सुहावना रहने वाला है। बारिश की हल्की संभावना बनी रहेगी। हालांकि शनिवार को तो तापमान में ज्यादा परिवर्तन नहीं देखा गया, लेकिन रविवार को तापमान में कमी देखी जा सकती है।
दिन के तापमान में दो से तीन डिग्री और रात के तापमान में चार से तीन डिग्री की कमी देखी जा सकती है। शनिवार को अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। शुक्रवार को तापमान 38.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इसी तरह से रात का तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस नोट किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री अधिक था। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 48 घंटे के भीतर हरियाणा और पंजाब में 45 किमी की रफ्तार से आंधी आ सकती है। साथ में ओले भी गिर सकते हैं। इसका असर चंडीगढ़ में भी पड़ सकता है।