सांसद किरण खेर ने डॉक्टरों के रिक्त पदों पर नियुक्ति न होने के मामले में प्रशासक को पत्र लिखकर जल्द नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। किरण खेर ने स्पष्ट किया है कि पिछले साल जून, 2016 में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने शहर में 63 मेडिकल अफसरों के पद सृजित करने की मंजूरी दी थी। लेकिन लगभग एक साल के बाद भी एक भी डॉक्टर की नियुक्ति नहीं हो पाई है।
उन्होंने अस्पतालों व डिस्पेंसरीज का काम काज प्रभावी ढंग से चलाने के लिए डॉक्टरों को कांट्रैक्ट पर नियुक्त करने की सलाह भी दी है। खेर ने कहा है कि डॉक्टरों की कमी से स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह से प्रभावित हो रही हैं। इसी वजह से हाल ही में निर्मित हुईं सेक्टर-49 व सेक्टर-50 की डिस्पेंसरीज भी चालू नहीं हो सकी हैं। चंडीगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के खराब हाल की खबरें अखबारों में लगातार प्रकाशित हो रही हैं।
जब पूछताछ की तो पता चला कि बार बार पत्र लिखने के बाद भी पंजाब व हरियाणा की ओर से डॉक्टरों का पैनल न भेजे जाने के कारण यह पद अभी तक खाली पड़े हैं। खेर के अनुसार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देना सरकार का ड्रीम प्रोजेक्ट है तथा हम सभी को इस सपने को हकीकत में बदलना होगा। इसलिए चंडीगढ़ प्रशासन को बिना देरी किए 63 मेडिकल अफसरों की नियुक्ति करने के लिए कदम उठाने चाहिए।