चंडीगढ़-अंबाला हाईवे स्थित एसी नेशनल पब्लिक स्कूल में अमर उजाला और मोहाली पुलिस के सहयोग से ‘पुलिस की पाठशाला’ का आयोजन किया गया। इस मौके पर ट्रैफिक कर्मचारियों ने स्कूली बच्चों को यातायात के नियमों का पालन करने को जागरूक किया। सुबह दस बजे स्कूल परिसर में कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इसमें बड़ी संख्या में हिस्सा लेकर बच्चों ने यातायात के नियमों की जानकारी हासिल की। इस मौके पर स्कूल डायरेक्टर सौरभ अग्निहोत्री और वाइस प्रिंसिपल रेणु के अलावा अन्य लोग मौजूद थे।
इस कार्यक्रम के दौरान एएसआई जनकराज के नेतृत्व में एक टीम पहुंची। एएसआई ने बताया कि युवाओं को यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। यदि आप दोपहिया वाहन चला रहे हैं तो हेलमेट जरूर पहनें। कार चलाते समय सीट बेल्ट का जरूर इस्तेमाल करें। वाहन चलाने के दौरान सीट बेल्ट लगाने पर हादसे में ज्यादा नुकसान होने से बचाव हो जाएगा। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि हिमाचल में कुछ युवक मौसम का लुत्फ उठाने जा रहे थे।
इस दौरान युवकों ने मौज मस्ती की फोटो फेसबुक पर अपलोड की, इसके अगले ही पल चालक का ध्यान भटकने से कार खाई में जा गिरी। इस हादसे में सभी युवाओं की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि वाहन चलाने के दौरान मोबाइल का प्रयोग न करें, ये आपकी जान भी ले सकता है।
कार्यक्रम के दौरान जनकराज ने बच्चों से कहा कि यदि आपकी उम्र 18 वर्ष हो चुकी है तो आप ड्राइविंग लाइसेंस जरूर बनवाएं। जबकि इससे कम उम्र के बच्चों से उन्होंने वह वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अपील की।
ट्रॉफिक नियम समझाते हुए एसआई जनक राज
यातायात के नियमों का पालन न करने पर जान से हाथ धोना पड़ सकता है। मैं आज से प्रण लेती हूं कि सभी को ट्रैफिक नियमों का पालन करने को प्रेरित करूंगी। जसलीन कौर, 11वीं की छात्रा।
हम सबको यातायात के नियमों का पालन करना चाहिए। इससे न अपनी, बल्कि दूसरों की जान भी बचाई जा सकती है। जशनप्रीत कौर, कक्षा-9 की छात्रा।
हमें कभी भी रान्ग साइड में वाहन नहीं चलाना चाहिए। ऐसा करने से हम कभी भी हादसे का शिकार हो सकते हैं। ऐसा करने से सभी को बचना चाहिए। हसनप्रीत कौर, कक्षा-9 की छात्रा।
कार चलाते समय हमें सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए, ताकि हादसे के समय खुद को बचाया जा सके। कोमल, कक्षा-9 की छात्रा।
लंबे समय से वाहन चला रहा हूं, लेकिन अब तक लाइसेंस के लिए आवेदन नहीं किया। इस पाठशाला से पता चला कि लाइसेंस न होने से कितनी अड़चनों का सामना करना पड़ता है। सुखविंदर सिंह, कक्षा-12 का छात्र।
सड़क पर हमेशा दाई ओर चलना चाहिए। जबकि वाहन को हमेशा निर्धारित गति में ही चलाना चाहिए। वाहन चलाते समय जल्दबाजी जान जाने का कारण बन सकती है। हर्षदीप सिंह, 11वीं कक्षा छात्र।