वीरवार को शहर के एक हिस्से में पानी की सप्लाई पूरा दिन ठप रही। सेक्टर-26, 27, 28, 29, 30 और सेक्टर-20ए व बी में पूरा दिन पानी नहीं आया। सेक्टर-26 में ग्रेन मार्केट चौक के पास पाइप लाइन खराब हो गई थी।
इसी वजह से पानी की सप्लाई रोक दी गई। वीरवार को पूरा दिन रिपेयर वर्क चलता रहा। वहीं निगम अधिकारियों का कहना था कि अब पानी की सप्लाई शुक्रवार सुबह को ही होगी।
दिनभर पानी की सप्लाई ठप रहने से इन सेक्टरों के लोगों को बड़ी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों को पीने तक के लिए भी पानी नहीं मिल रहा था। वहीं किन्हीं सेक्टरों में तो निगम ने पानी के टैंकर भिजवा दिए, लेकिन कई सेक्टरों में तो कोई बंदोबस्त नहीं किया गया।
निगम के इंतजामों की खुली पोल
इस मामले ने निगम के इंतजामों की भी पोल खोलकर रख दी। इससे साबित हो गया कि निगम के इंजीनियरिंग और पब्लिक हैल्थ विंग के पास कोई विकल्प नहीं है। यदि शहर में कहीं पाइप लाइन खराब हो जाए या उस पर रिपेयर वर्क चले तो ऐसी कोई व्यवस्था नहीं कि दूसरी पाइप लाइन से कनेक्शन जोड़कर लोगों को पानी की सप्लाई की जाए।
यहां ग्रेन मार्केट के पास पाइप लाइन पर रिपेयर वर्क चल रहा था। यहां पहले भी अक्सर पानी की लीकेज रहती थी जिससे सड़कों पर पानी खड़ा रहता था। अब शुक्रवार सुबह को ही वाटर सप्लाई होगी।
बीके धवन, एक्सईएन
पब्लिक हेल्थ विंग, नगर निगम
निगम अफसरों के पास ऐसा कोई इंतजाम नहीं है कि अगर कहीं पाइप लाइन डैमेज हो तो किसी दूसरी लाइन से पानी की सप्लाई जोड़ी जा सके। पानी के टैंकर भी हमारे कई बार कहने के बाद ही भेजे गए।
सतिंदर सिंह, पार्षद
वार्ड नंबर-18
हमारे सेक्टर में तो पानी के टैंकर भी नहीं भिजवाए गए। पूरे इलाके के लोग काफी परेशान हो रहे थे। लोगों को पीने तक के लिए पानी नहीं मिल रहा था।
यादविंदर मेहता,निवासी
सेक्टर-30
सुबह से ही लो प्रैशर से पानी आ रहा था। फिर सुबह 10 के बाद तो सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गया। दिनभर हमें बिना पानी के बड़ी मुश्किल से गुजारा करना पड़ा।
एडी शर्मा, निवासी
सेक्टर-30