‘भ्रष्टाचारी चौक’ मतलब पीजीआई चौक पर लोगों की राह आसान होने वाली है। बार बार टूट रही पाइप लाइन के चारों ओर निगम ने दीवार बनाकर एक आरसीसी का स्लैब तैयार कर दिया है। अब वाहनों का दबाव पाइप तक नहीं पहुंचेगा। लेकिन अभी भी प्रशासन की ओर से सड़क बनने का इंतजार है। निगम व प्रशासन के अधिकारियों का दावा है कि अगस्त से लोगों को बेहतर रास्ता मिल जाएगा।
पीजीआई चौक पर वाहनों के दबाव के कारण बार बार पाइप लाइन टूट जाती थी। उसके बाद पूरी सड़क खोदकर फिर से पाइप लाइन को जोड़ा जाता था। पिछले दो साल में 15 बार सड़क खोदकर बनाई गई। यहां से गुजरने वाले लोगों और पीजीआई की ओर जाने वाले मरीजों के लिए तो मानो यह चौक सिर दर्द बन गया था। यहां तक कि लोग कहने लगे रुपए बनाने के लिए निगम और प्रशासन मिलकर इसका स्थायी हल नहीं निकाल रहे हैं।
लोगों की इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित करते हुए अमर उजाला ने 19 अप्रैल के अंक में ‘दो साल में 15 बार खुदाई, बहाए नौ लाख, फिर भी गड्ढे से होकर गुजर रहे शहरवासी’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। उसके बाद प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी हरकत में आए। तत्काल सड़क को खुदवाकर चारों ओर से दीवार बनाकर आरसीसी का स्लैब बनवाने का निर्णय लिया गया। उम्मीद है अब लोगों को थोड़ी राहत मिल सकेगी और सड़क को फिर से नहीं खोदना पड़ेगा।