सोमवार को सुबह की शुरुआत घने काले बादलों के मंडराने के साथ हुई। करीब बारह बजे तक जमकर बारिश हुई। इसके बाद भी रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी ने लोहड़ी का मजा किरकिरा कर दिया। सड़कों पर पानी भरने से गजक, मूंगफली विक्रेता बाजार में स्टालें ही न लगा सके।
सुबह करीब सात बजे ही आसमान पर काले बादल छाने से ऐसा लग रहा था मानो रात हो गई है। बारिश के बीच वाहन चालक लाइटें जलाकर चलते दिखाई दिए। बारिश के बाद मुक्तसर का तापमान न्यूनतम 7 तथा अधिकतम 13 दर्ज हुआ। नौ किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चलती रही।
लंबी ढाब डेरे में गिरी बिजली
लंबी ढाब स्थित डेरा बाबा रुखड़ दास में बिजली गिरने का समाचार भी है। लंबी ढाब निवासी हरपाल सिंह के अनुसार इस डेरे में पिछले दिनों ही नया कमरा बना था। कमरे पर बिजली गिरने से फर्श एक-दो जगहों से टूट गया।
शिअद के पंडाल में भी भरा पानी।
शिअद-भाजपा की कॉन्फ्रेंस को लेकर पिछले कई दिनों से चल रही तैयारियां पूरी हो चुकी थी। बारिश के कारण कॉन्फ्रेंस स्थल का पंडाल, मैट व गद्दे भीग गए। शिअद विधायक कंवरजीत सिंह रोजी बरकंदी ने बताया करीब बीस दिन से मंच सजाने की तैयारी की जा रही थी। सारा कार्य पूरा हो गया था, बारिश ने पूरे प्रबंध धो डाला। अब कॉन्फ्रेंस मलोट रोड स्थित नारायणगढ़ पैलेस में होगी।
ठंड से अन्य पार्टियां कांपी, इसलिए नहीं कर रही कॉन्फ्रेंस: सुखबीर
भारी बारिश से मलोट रोड पर शिअद-भाजपा की कॉन्फ्रेंस स्थल में पानी भरने के कारण जगह बदल दी गई है। अब कॉन्फ्रेंस नारायणगढ़ पैलेस में होगी। सोमवार को दोपहर बाद तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने जब कॉन्फ्रेंस स्थल में पानी भरा देखा तो जगह बदलने का फैसला किया।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से बढ़-चढ़कर कॉन्फ्रेंस में पहुंचने का आह्वान करते हुए उनमें जोश भरा। साथ ही कांग्रेस व आप के मेला माघी पर कॉन्फ्रेंस न करने के फैसले पर चुटकी लेते हुए कहा कि ठंड ज्यादा होने के कारण शायद अन्य पार्टियां कांप गई हैं। इसलिए कॉन्फ्रेंस नहीं कर रही हैं। उन्होंने कहा कि बारिश हो या आंधी आ जाए, शिअद की कॉन्फ्रेंस सफल होकर रहेगी।