नगर निगम आयुक्त पंकज राय ने कहा कि लोगों की सुविधा के लिए यह फैसला लिया है।
चंडीगढ़ के सेक्टर-49 में पानी की किल्लत से लोग परेशान हैं। दो दिन से लो प्रेशर में पानी की आपूर्ति की जा रही है, इस कारण घरों के ऊपर टंकियों में पानी नहीं पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि इस बारे में कई बार उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात कर उन्हें अवगत करवाया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही।
लोगों का कहना है कि पानी बुनियादी चीज है। इसके लिए भी चंडीगढ़ में धरना प्रदर्शन करना पड़े तो यह दुख की बात है। परेशान लोगों ने कहा कि अब उनके पास कोई अन्य विकल्प नहीं है। रेजिडेंट्स ने कहा कि यदि पानी की आपूर्ति नहीं की गई तो प्रदर्शन करेंगे। सेक्टर-49 के मकान नंबर 2970/3 निवासी बलदेव कुमार का कहना है कि हाउसिंग बोर्ड के मकानों में पानी की भारी परेशानी है। दो दिन से पानी नहीं आया है।
उन्होंने बताया कि टंकी तक पानी नहीं पहुंच रहा है। सुबह उठकर पानी भरना पड़ रहा है। कई बार सुबह साढ़े सात बजे पानी आता है और आधे घंटे में ही चला भी जाता है। मकान नंबर 2971/1 निवासी बीरेंद्र नारायण मिश्र, 2970/1 निवासी मोहन कुमार के अलावा रमेश गिरि सहित अन्य लोगों ने बताया कि ऐसा लगता है कि हम चंडीगढ़ में नहीं रह रहे हैं। इससे पहले कभी भी पानी की ऐसी समस्या नहीं हुई।
कोट
वार्ड में पानी का घोर संकट है। इस मुद्दे को नगर निगम के अधिकारियों के समाने उठाया हूं। नगर निगम सदन की बैठक में भी उठाऊंगा। सेक्टर-49 और 51 के हाउसिंग बोर्ड के फ्लैटों के अलावा सोसायटियों में भी रहनेवाले लोगों को बड़ी दिक्कत हो रही है।
-हरफूल चंद्र कल्याण, पूर्व मेयर और एरिया पार्षद