मौली जागरां में वीरवार को जिला कांग्रेस कमेटी अर्बन दो के अध्यक्ष चितरंजन चंचल की अध्यक्षता में कांग्रेसियों ने वार्ड नंबर-24 के विकास नगर, मौली जागरां, चरण सिंह कॉलोनी, अंबेडकर आवास योजना में पीने के पानी, सीवरेज, सफाई व्यवस्था के खस्ताहाल होने व अन्य समस्याओं को लेकर भाजपा पार्षद राजेंद्र कौर रत्तू का पुतला फूंक कर प्रदर्शन किया। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस के महासचिव शशि शंकर तिवारी भी विशेष तौर पर मौजूद रहे।
जिला प्रधान चितरंजन चंचल ने आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड नंबर-24 में विकास कार्य करवाने में भाजपा नाकाम साबित हुई है। इस कारण पिछले चार साल में लोगों को पीने के पानी की किल्लत, सीवरेज के ब्लॉक होने व सफाई की खस्ता हालत जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। इससे इलाके में कई बार बीमारी फैली और लोग मौत के गाल में समा गए, लेकिन भाजपा ने कोई सबक नहीं लिया।
उन्होंने कहा कि यह दिक्कतें अब भी जारी हैं, इसके विरोध में वीरवार को कांग्रेसियों ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में प्रदेश कांग्रेस के महासचिव शशि शंकर तिवारी, बीएन दास, हुकम सिंह, पारस नाथ, इंद्रपाल, त्रिवेणी, विशाल कटारियां, राजेंद्र यादव, सन्नी गोयल, रोहित, बिंदा, राजन, डॉ. राम कुमार, लाला राम ने भाजपा पार्षद रत्तू पर आरोप लगाया कि वह विकास कार्यों को लेकर गंभीर नहीं हैं, इस कारण इलाके में कई समस्याएं हैं और पार्षद यहां विकास कार्य नहीं करवा रहीं। उन्होंने कहा कि अगर समस्याओं का समाधान न हुआ तो भविष्य में भी आंदोलन जारी रखा जाएगा।