चंडीगढ़। आप स्विट्जरलैंड के सुप्रसिद्ध वास्तुकार और चंडीगढ़ के निर्माता ली कार्बुजिए के सहयोगी पियरे जेनरे के घर पर रुकने का मूड बना रहे हैं तो जरा ठहरिए। पहले आप घर के हालात से रू-ब-रू हो लीजिए। आपको घर के बाहर बेशक शानदार गार्डन और कार पार्किंग की सुविधा मिल जाए पर रात आपको गंदगी के बीच ही काटनी पड़ेगी।
जी हां, पियरे जेनरे के घर को अब एक म्यूजियम का रूप दे दिया गया है जिसमें प्रशासन वहां ठहरने की व्यवस्था भी करवाता है। इसकी सीमेंट का फर्श पर कोई साफ-सफाई नहीं है। शौचालय गंदा पड़ा है। वहीं, दीवारें काफी ज्यादा खराब हैं। सेक्टर-5 स्थित पियरे जेनरे म्यूजियम में रहने का शुल्क 2500 रुपये प्रतिदिन है।
सीमेंट की फर्श पियरे जेनरे के डिजाइन का हिस्सा जरूर है पर वर्तमान में इनकी स्थिति बहुत खराब है। जमीन पर जगह-जगह धब्बे पड़े हैं। लगता है कि यहां पर सफाई ही नहीं हुई है। घर में प्रवेश करने पर ऐसा प्रतीत होता है कि कमरा एकदम खाली है। बेडरूम में सजावट के नाम पर सिर्फ दो तस्वीरें और एकदम साधारण सुविधाएं हैं। बाथरूम की हालत तो बहुत खराब है। दीवारों पर जमीं काई और काले धब्बे देखकर ऐसा लगता है कि यहां बरसों से जमीं हो। यहां ब्रेकफास्ट तो दिया जा रहा है।