फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पीयू छात्रसंघ चुनाव: मैदान में पंजाब और हरियाणा सरकार भी, मीत हेयर और दिग्विजय चौटाला ने बैठक में की चर्चा

Mon, 04 Sep 2023 11:19 AM IST
निवेदिता वर्मा कविता बिश्नोई, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में दो दिन पहले ही जेजेपी के छात्र संगठन इनसो ने अकाली दल के छात्र संगठन सोई के साथ गठबंधन किया गया है। लेकिन इस बार अध्यक्ष और महासचिव पदों पर जबरदस्त टक्कर है। इसलिए सभी संगठन, गठबंधन के अलावा भी दूसरे संगठनों के साथ सहयोग को लेकर संपर्क में हैं।
विज्ञापन
पीयू छात्रसंघ चुनाव - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव का मतदान छह सितंबर को है। अब चुनाव में मुकाबला केवल छात्र नेताओं तक न होकर हरियाणा और पंजाब सरकार बनाम अन्य छात्र संगठन बन गया है। पंजाब और हरियाणा की सरकारें अपने छात्र संगठनों को चुनाव में जितवाने के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रही हैं। 

विज्ञापन


चुनाव के सिलसिले में शनिवार देर शाम को पंजाब के मंत्री मीत हेयर और जेजेपी के दिग्विजय चौटाला ने बैठक की। क्योंकि पीयू में आप का छात्र संगठन अध्यक्ष और जेजेपी का छात्र संगठन उपाध्यक्ष और महासचिव के पद पर चुनाव लड़ रहा है। ऐसे में चुनाव में छात्र संगठनों के आपसी सहयोग पर चर्चा की गई।

यह भी पढ़ें: बड़ा खुलासा: हनी ट्रैप में फंसे तस्कर ने आईएसआई को भेजी थी हिमाचल के योल आर्मी एरिया की तस्वीरें
विज्ञापन


पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में दो दिन पहले ही जेजेपी के छात्र संगठन इनसो ने अकाली दल के छात्र संगठन सोई के साथ गठबंधन किया गया है। लेकिन इस बार अध्यक्ष और महासचिव पदों पर जबरदस्त टक्कर है। इसलिए सभी संगठन, गठबंधन के अलावा भी दूसरे संगठनों के साथ सहयोग को लेकर संपर्क में हैं। जानकारी के अनुसार इनसो पर पहले ही दबाव था कि सीवाईएसएस के साथ गठबंधन हो, लेकिन बात बन नहीं पाई।

पीयू के चुनाव प्रभारी अनिल ढुल्ल ने बताया कि मंत्री मीत हेयर और दिग्विजय चौटाला की आपस में दोस्ती है। बैठक में क्या चर्चा हुई है, इसकी जानकारी नहीं है। वहीं पीयू परिसर में रविवार को पंजाब के भाजपा युवा मोर्चा, भाजपा के मंत्रियों के साथ हरियाणा के मंत्री भी मौजूद रहे और चुनावी रणनीति की समीक्षा की। एनएसयूआई के अध्यक्ष नीरज कुंदन ने भी परिसर में युवाओं से मुलाकात की और स्थिति का जायजा लिया। एनएसयूआई प्रभारी कन्हैया कुमार भी रविवार को चंडीगढ़ में रहे और संगठन के छात्र नेताओं से लगातार बैठकें कर रहे हैं। पंजाब एनएसयूआई के अध्यक्ष भी पिछले एक हफ्ते से पीयू परिसर में ही चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

यह भी पढ़ें: पीयू में छात्र संघ चुनाव की धूम.. गूंजे हमारा नेता कैसा हो के नारे

मंत्री मीत हेयर ने शोधार्थियों के साथ की चर्चा
पीयू छात्रसंघ चुनावों को लेकर शनिवार शाम को पंजाब के मंत्री मीत हेयर की ओर से परिसर के शोधार्थियों के साथ बैठक बुलाई गई थी। जानकारी के अनुसार बहुत कम शोधार्थी बैठक में मंत्री मीत से मिलने पहुंचे। इसमें कई पीयू के पासआउट छात्र भी मौजूद रहे। इस दौरान मीत हेयर ने परिसर में सीवाईएसएस का सहयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया।

आज थम जाएगा चुनाव प्रचार 
पंजाब यूनिवर्सिटी और कॉलेजों में सोमवार रात को 9 बजे तक चुनाव प्रचार थम जाएगा। इसके बाद उम्मीदवार सिर्फ निजी संपर्क के जरिए ही वोट मांग सकते हैं। छात्र संगठनों की ओर से पीयू और कॉलेजों में उम्मीदवार के पोस्टर लगाने से लेकर रैली और भीड़ एकत्रित करने पर पाबंदी रहेगी। पीयू और कॉलेजों में कोड ऑफ कंडक्ट लगने के बाद एक जगह पर संगठन के स्टीकर लगाकर चार-पांच से अधिक छात्र एकत्रित नहीं हो सकते हैं।

उम्मीदवारों के पास चुनाव प्रचार के लिए सिर्फ सोमवार का ही समय है। इसी में उन्हें कक्षाओं से लेकर छात्रावासों तक विद्यार्थियों से संपर्क साधना होगा। इसी समय में छात्र संगठन चारों पैनल के वोट के लिए रणनीति बनाते हैं। इसके साथ ही एक-एक छात्र से निजी तौर पर संपर्क कर अपना पैनल कोड याद करवाते हैं। वहीं इन दो दिनों में छात्र संगठन सोशल मीडिया, व्हाट्सएप्प, सोशल मीडिया ग्रुप और फोन कॉल्स के जरिए चुनाव प्रचार कर सकते हैं।

स्टीकर लगाने और नारेबाजी करने पर रहेगी पाबंदी
पीयू और कॉलेजों में सोमवार रात 9 बजे के बाद स्टीकर लगाने और नारेबाजी करने को लेकर पाबंदी रहेगी। डीएसडब्ल्यू प्रो. जतिंदर ग्रोवर ने बताया कि छात्रसंघ चुनावों से 48 घंटे पहले सोमवार रात को कोड ऑफ कंडक्ट लग जाएगा। इसका उल्लंघन करने वालों पर पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।

पुलिस ने पीयू परिसर में निकाला फ्लैग मार्च, दो छात्रावासों में मारे छापे
पंजाब यूनिवर्सिटी में छात्रसंघ चुनाव के लिए इन दिनों जोर-शोर से प्रचार चल रहा है। चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हों, इसके लिए चंडीगढ़ पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। पुलिस ने कैंपस में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। साथ ही दो छात्रावासों में छापेमारी करते हुए तलाशी अभियान चलाया। हालांकि इस दौरान पुलिस के हाथ न तो कोई आउटसाइडर लगा और न ही कुछ आपत्तिजनक सामग्री। पुलिस चुनावों तक कॉलेज की तरह ही पीयू के गेट के आसपास ट्रैफिक नाके लगाने की भी तैयारी कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक शहर के इन नाकों से बाहर से पीयू कैंपस में दाखिल होने वाली गाड़ियों पर नजर रखी जाएगी।
विज्ञापन


पीयू परिसर में पुलिस ने रविवार सुबह फ्लैग मार्च निकाला। सेक्टर-11 एसएचओ इंस्पेक्टर मलकील सिंह की अगुवाई में निकाला गया। पैदल फ्लैग मार्च पूरे कैंपस से होते हुए वापस चौकी पर आकर खत्म हुआ। इसमें सेक्टर-11थाना पुलिस कर्मचारियों के साथ सेक्टर-24 और पीयू चौकी के पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
छात्रावास नंबर-दो और तीन में एक बार फिर छापेमारी

पीयू परिसर में उत्पात मचाने वाले असामाजिक तत्वों को रोकने के लिए पुलिस लगातार छात्रावासों में छापेमारी कर तलाशी अभियान चला रही है। रविवार सुबह एक बार फिर परिसर में मौजूद दो छात्रावासों में एक साथ छापेमारी हुई। छात्रावास नंबर-2 और 3 में दी गई यह दबिश करीब 1 घंटे तक चली। इस दौरान पुलिस ने एक-एक कमरे की जांच की। छात्रों के पहचान पत्र और छात्रावास का कमरा आवंटित होने के दस्तावेजों को जांचा। पुलिस की छापेमारी से पीयू समेत सभी कॉलेज के छात्रावासों में खौफ है। पुलिस अधिकारियों का कहना है हमार लक्ष्य शांतिपूर्ण चुनाव कराने का है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें