गुरदासपुर संसदीय सीट पर उपचुनाव के लिए बुधवार को मतदान पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा। मतदान का समय समाप्त होने के बाद कुल 56 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया। उल्लेखनीय है कि इस सीट पर 2014 में हुए लोकसभा चुनाव में 70.03 फीसदी मतदान हुआ था।
राज्य के मुख्य चुनाव अधिकारी वीके सिंह ने बताया कि स्थानीय प्रशासन और राजनीतिक दलों के सहयोग से उपचुनाव की अब तक की प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर लोकसभा उपचुनाव के ऐलान के साथ ही गुरदासपुर और पठानकोट जिलों में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई थी और इस दौरान चुनाव आयोग के पास कुल 58 शिकायतें आईं। इनका निपटारा साथ-साथ ही कर दिया गया और बुधवार को मतदान के दिन केवल 4 शिकायतें ही प्राप्त हुईं।
उन्होंने बताया कि विधानसभा हलका डेरा बाबा नानक में सबसे अधिक 65 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया, जबकि बटाला विधानसभा हलके में सबसे कम 50 फीसदी मतदान हुआ। इस संसदीय सीट के बाकी विधानसभा हलकों में से सुजानपुर में 54, भोआ में 60, पठानकोट में 54, गुरदासपुर में 54, दीनानगर में 54, कादियां में 57, फतेहगढ़ चूड़ियां में 63 फीसदी मतदान रिकार्ड किया गया।